विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 02, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पुलिस का हंटर चला तो धंधेबाजों ने बदला तरीका, जिले में हो रही शराब की तस्करी

By JagranEdited By:
Published: Thu, 02 Dec 2021 10:49 PM (IST)

-तस्करों में पुलिस का डर नहीं शहर से गांव तक सक्रिय -20 दिनों से लगातार चलाए जा रहे अि

पुलिस का हंटर चला तो धंधेबाजों ने बदला तरीका, जिले में हो रही शराब की तस्करी
पुलिस का हंटर चला तो धंधेबाजों ने बदला तरीका, जिले में हो रही शराब की तस्करी

-तस्करों में पुलिस का डर नहीं, शहर से गांव तक सक्रिय

-20 दिनों से लगातार चलाए जा रहे अभियान के बाद भी शराब की हो रही बिक्री

-संग्रामपुर, टेटिया बंबर, जमालपुर, मुंगेर शहर सहित कई जगहों पर होम डिलीवरी

----------------------------------

संवाद सूत्र, मुंगेर : सरकार के निर्देश के बाद पुलिस-प्रशासन का शराब तस्करों पर हंटर चला। इसके कुछ परिणाम भी आए। 20 दिनों में 50 से ज्यादा लोग पकड़े गए। पांच दर्जन देशी शराब की भट्ठियां ध्व्स्त की गई, फिर भी तस्करों ने अपना धंधा बंद नहीं किया। शराब की अवैध रूप से बिक्री के लिए तरीका बदल दिया है। अभी भी शहर से लेकर गांव तक शराब धंधेबाज पूरी तरह सक्रिय हैं। पड़ोसी राज्य झारखंड से सटे प्रखंड संग्रामपुर हब बन गया है। सूबे में शराबबंदी चलते तस्कर पड़ोसी राज्य से अवैध रूप से कारोबार कर रहे हैं। सीमा पर कोई जांच पड़ताल न होने से तस्करों को अवैध शराब पहुंचाने में कोई दिक्कत भी नहीं हो रही है। जिले के सभी नौ प्रखंडों में शराब की खुलेआम होम डिलीवरी हो रही है। तस्कर दूध के डिब्बों में शराब की बोतल रखकर डोर टू डोर सप्लाई कर रहे हैं। पूरा खेल कोड वर्ड में हो रहा है। इस अवैध कारोबार में सक्रिय तस्कर चोरी-छिपे इन मादक पदार्थों की सप्लाई में जुटे हैं। रात में चोरी-छिपे शराब की पेटी तस्करों तक पहुंच जाती हैं। जिले में प्रतिदिन 12 से 15 लाख रुपये की तस्करी हो रही है। इस अवैध धंधे में कई रसूख वाले भी जुड़े हैं। जगह-जगह खुलेआम शराब की बिक्री हो रही है। शराब माफिया के हौसले इतने बुलंद हैं कि आम लोगों को तो छोड़िए, पुलिस वालों को भी नहीं बख्श रहे हैं।

----------------------------------

कार्रवाई के नाम कोरम पूरा कर रहा उत्पाद विभाग

जिले के शहरी इलाके के किला परिसर, लल्लू पोखर, चुआ बाग, विदवारा, सफियाबाद, हसनगंज, इस्माइलपुर, गौरीपुर, हेरूदियारा, पूरवसराय, वंसती तालाव, शादीपुर, माधोपुर, लालदरवाजा, के अलावा टीकारामपुर, तारापुर दियारा, मनियारचक, कटरिया, गढ़ीरामपुर, नौवागढ़ी उत्तरी, भगत चौकी, भैसाकोल, जमालपुर के दौलतपुर, इस्ट कालोनी में पुलिस और उत्पाद विभाग की पैनी नजर सिर्फ कहने को है, पर हकीकत में कभी-कभार ही कार्रवाई होती है। बंगाल, झारखंड, अरुणालच, और हरियाणा ब्रांड के शराब शराबबंदी के बाद शराब तस्कर जुगाड़ के साथ जिले में तेजी से शराब की बिक्री कर रहे हैं। चेक पोस्ट पर जांच के नाम पर खानापूर्ति की जा रही है और शहर तक शराब की आपूर्ति हो रही है।

---------------------------

कोट

-शराब बेचने और बनाने वालों पर सख्ती से शिकंजा कसा जा रहा है। सुदूर इलाकों से लेकर शहरी क्षेत्र में पुलिस कार्रवाई कर रही है। विशेष टीम इस पर नजर रख रही है। किसी भी सूरत में शराब धंधे से जुड़े लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।

-जग्गुनाथ रेड्डी जलारेड्डी, एसपी, मुंगेर।