विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोड्डा-रांची एक्सप्रेस से शराब की खेप बरामद, टॉयलेट की छत में छिपाकर हो रही थी तस्करी  

Published: Mon, 26 Oct 2026 03:50 PM (IST)

रेलवे सुरक्षा बल की अपराध खुफिया शाखा ने गोड्डा-रांची एक्सप्रेस से 232 टेट्रा पैक अंग्रेजी शराब जब्त की है।

बरामद शराब के साथ अधिकारी। फोटो जागरण

बरामद शराब के साथ अधिकारी। फोटो जागरण

HighLights

  1. गोड्डा-रांची एक्सप्रेस से 232 टेट्रा पैक शराब जब्त।

  2. आरपीएफ सीआईबी ने जमालपुर में की कार्रवाई।

  3. शौचालय की छत में छिपाकर रखी गई थी शराब।

संवाद सहयोगी, जमालपुर (मुंगेर)। रेलवे सुरक्षा बल की अपराध खुफिया शाखा (सीआईबी) ने गोड्डा-रांची एक्सप्रेस में छापेमारी कर 232 टेट्रा पैक अंग्रेजी शराब बरामद की है।

जब्त शराब की कुल मात्रा 41 लीटर 760 मिलीलीटर है। इसकी अनुमानित कीमत 32480 रुपये बताई गई है। शराब जनरल कोच के शौचालय की छत के ऊपर प्लाईवुड में छिपाकर रखी गई थी।

सूचना के आधार पर आइपीएफ एसके सुधा के नेतृत्व में सीआईबी टीम भागलपुर स्टेशन से ट्रेन में सवार हुई और तलाशी अभियान चलाया।

इस दौरान कांस्टेबल रवि की नजर पिछले जनरल कोच के शौचालय की छत पर छिपे सामान पर पड़ी। वीडियोग्राफी के बीच प्लाईवुड खोलने पर व्हिस्की के 180 मिलीलीटर वाले 232 टेट्रा पैक मिले।

आसपास मौजूद यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने शराब के बारे में जानकारी नहीं दी। स्वतंत्र गवाह बनने के लिए भी कोई यात्री तैयार नहीं हुआ। इसके बाद कांस्टेबल रवि और कन्हैया कुमार की मौजूदगी में जब्ती की प्रक्रिया पूरी की गई।

उत्पाद थाना को सौंपी शराब

प्लेटफार्म संख्या तीन पर फुट ओवरब्रिज के पास शराब उतारकर जब्त की गई। बाद में सीआईबी टीम ने लिखित शिकायत के साथ शराब उत्पाद थाना मुंगेर को सौंप दी और अज्ञात तस्कर के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई का अनुरोध किया।

यह भी पढ़ें- MLC चुनाव से पहले वैशाली पुलिस का बड़ा एक्शन, कपड़े के गोदाम से 1814 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद