फेसबुक पर घायल महिला की तस्वीर पोस्ट कर थानेदार ने मांगी मदद, बची जान
कासिम बाजार थाना क्षेत्र में अपराधियों ने दंपती पर जानलेवा हमला कर फरार हो गए। इस हमले में दंपती घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया।
मुंगेर। कौन कहता है कि सोशल मीडिया केवल अफवाह फैलाता है। यहां काम कम बातें ज्यादा होती है। इस पर किया गया पोस्ट भ्रामक और अविश्वसनीय होता है। लेकिन, इन सब बातों को झुठलाते हुए मुंगेर में सोशल मीडिया ने अत्यंत ही निर्धन घायल महिला की जान बचाई है। दरअसल कासिम बाजार थाना क्षेत्र में अपराधियों ने दंपती पर जानलेवा हमला कर फरार हो गए। इस हमले में दंपती घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सक ने महिला के शरीर से अधिक रक्तस्त्राव होने के कारण गंभीर स्थिति बताते हुए तुरन्त ए पोजेटिव ब्लड की व्यवस्था करने को कहा। चिकित्सकों द्वारा रात 11 बजे ब्लड लाने की बात सुनकर पुलिस अधिकारी ¨चतित हो गए। वहीं सोशल मीडिया को काफी नजदीक से जानने वाले कोतवाली थाना के थानाध्यक्ष राजेश शरण अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल महिला की एक तस्वीर ली और चार लाइन में महिला की स्थिति को बताते हुए जीवन बचाने के लिए ब्लड दान देने की अपील करते हुए अपने फेसबुक आइडी पर पोस्ट कर दिया। रात 11 बजे किए गए पोस्ट को तुरंत ही 100 से अधिक लाइक एवं 20 से अधिक डोनर ने ब्लड देने की हामी भरी। इसी दौरान जमालपुर के फुल्का के सोनू यादव ने जैसे ही पोस्ट देखा उन्होंने बाइक से रात 12 बजे अस्पताल पहुंचकर महिला के लिए सोनू ने रक्तदान किया और वापस अपने घर चला गया। ब्लड डोनेट के बाद उन्होंने केवल इतना कहा फेसबुक के कारण मुझे यह सेवा करने का मौका मिला। वहीं राजेश शरण ने भी कहा थैंक्स सोशल मीडिया। अभी महिला की स्थिति ठीक है। चिकित्सक ने ब्लड चढ़ाने के बाद उसे जेएलएनएमसीएच भगलपुर रेफर कर दिया है। जहां उनकी हालत स्थिर है।