विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'अक्षरा स‍िंंह मेरा बाबू है... दिल से सॉरी', पावर स्टार पवन सिंह ने मुंगेर में मां दुर्गा के दरबार में मांगी माफी

Published: Mon, 19 Oct 2026 08:01 AM (IST)

मुंगेर के कल्याणपुर में दुर्गा पूजा महोत्सव के दौरान पवन सिंह ने अभिनेत्री अक्षरा सिंह को 'मेरा बाबू' कहकर संबोधित ...और पढ़ें

HighLights

  1. पवन सिंह ने अक्षरा सिंह को 'मेरा बाबू' कहा।

  2. उन्होंने मंच से अक्षरा सिंह और उनके माता-पिता से माफी मांगी।

  3. पवन सिंह ने अक्षरा के साथ फिर से काम करने का संकेत दिया।

ड‍िजिटल डेस्‍क, भागलपुर। मुंगेर जिले के कल्याणपुर स्थित ऐतिहासिक व सिद्धपीठ श्री श्री 108 बड़ी दुर्गा महारानी के पावन दरबार में शारदीय नवरात्र के अवसर पर श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत एवं अलौकिक संगम देखने को मिला। यूथ क्लब कल्याणपुर की ओर से आयोजित 'बिहार राज्य का सबसे बड़ा दुर्गा पूजा महोत्सव' इस बार आध्यात्मिक ऊर्जा और सांस्कृतिक भव्यता का केंद्र बना हुआ है।

मां भगवती के दरबार में न केवल लाखों श्रद्धालुओं ने मत्था टेका, बल्कि भोजपुरी सिनेमा के दिग्गज 'पावर स्टार' पवन सिंह की मौजूदगी ने पूरे वातावरण को भक्ति रस और उमंग से सराबोर कर दिया। इसी दौरान मंच से पवन सिंह का अभिनेत्री अक्षरा सिंह को लेकर दिया गया आत्मीय बयान और उनके साथ फिर से जोड़ी बनाने की बात सोशल मीडिया से लेकर आम जनमानस तक तेजी से चर्चा का विषय बन गई है।

Pawan Singh Emotional on Akshara Singh at Munger klyanpur Durga Puja

घंटों तक भजनों से बांधा समां, झूमते रहे श्रद्धालु

महोत्सव के 'सुपरस्टार नाइट्स' के पहले दिन पहुंचे भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार पवन सिंह ने मां बड़ी दुर्गा महारानी के गर्भगृह में शीश नवाकर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इसके बाद जैसे ही वे मंच पर आए, हजारों की संख्या में मौजूद जनसैलाब ने गगनभेदी नारों और तालियों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। पवन सिंह ने घंटों तक पारंपरिक देवी गीतों, पचरा और भक्ति भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिस पर उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमते रहे।

Pawan Singh Emotional on Akshara Singh at Munger klyanpur Durga Puja (1)

अक्षरा सिंह के देवी गीत पर पवन सिंह ने लगाए ठुमके, बिखेरा सुरों का जादू

कार्यक्रम के दौरान उस वक्त रोमांच अपने चरम पर पहुंच गया, जब पवन सिंह ने अभिनेत्री अक्षरा सिंह के सुपरहिट देवी गीतों पर न सिर्फ अपनी आवाज दी, बल्कि जमकर थिरकते भी नजर आए। उन्होंने अक्षरा सिंह के प्रसिद्ध एलबम ‘दुलार देवी मइया के’ के सुपरहिट देवी गीत "पवन सिंह के भजन बजाके" पर शानदार डांस कर समां बांध दिया। इसके अलावा अक्षरा सिंह के कई अन्य गानों की धुनों पर भी पवन सिंह ने दर्शकों के साथ जमकर मस्ती की।

'अक्षरा मेरा बाबू है... मैंने सॉरी बोला ना, अब ताली बजाओ'

प्रस्तुति के दौरान जब सामने बैठे दर्शकों के बीच से कुछ बातों को लेकर शोरगुल शुरू हुआ, तो पवन सिंह ने माइक थामकर सभी को शांत कराया। प्रशंसकों को समझाते हुए उन्होंने मंच से सीधे मुखातिब होकर कहा— "अक्षरा सिंह मेरा बाबू है, मेरा बेटा है... उनके पिताजी हमारे भइया हैं, उनकी माताजी मेरी भाभी हैं। मैंने सॉरी बोला ना... अब एक बार चारों तरफ ताली बजाओ!" पवन सिंह के इस सहज और दिल छू लेने वाले अंदाज पर पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट और सीटियों से गूंज उठा।

Pawan Singh Emotional on Akshara Singh at Munger klyanpur Durga Puja (2)

'कौन-कौन चाहता है कि हमारी जोड़ी फिर बने?'

मंच से पवन सिंह ने पंडाल में मौजूद हजारों लोगों से सीधा सवाल किया— "आपमें से कौन-कौन चाहता है कि अक्षरा सिंह और मेरी जोड़ी फिर से एक साथ आ जाए?" इस पर सामने मौजूद पूरी भीड़ ने हाथ उठाकर, जोरदार शोर मचाकर और तालियां बजाकर दोनों को दोबारा साथ देखने की अपनी दिली इच्छा जाहिर की।

माफी मांग कर दिया साथ आने का संकेत

जनता के इस भारी उत्साह को देख पवन सिंह ने भावुक होते हुए कहा कि वे जल्द ही अक्षरा सिंह के साथ नजर आएंगे और साथ मिलकर कार्यक्रम भी करेंगे। उन्होंने सार्वजनिक रूप से बड़प्पन दिखाते हुए कहा— "अगर आप लोगों को लगता है कि मुझसे कभी कोई गलती हुई है, तो मैं सॉरी बोलता हूं। अगर अक्षरा जी के माता-पिता को मेरे चलते कभी कोई दुख या ठेस पहुंची हो, तो मैं उनसे भी हाथ जोड़कर सॉरी बोलता हूं और क्षमा मांगता हूं।"

Pawan Singh Emotional on Akshara Singh at Munger klyanpur Durga Puja (3)

रवि किशन, मनोज तिवारी और राजपाल यादव आएंगे

डॉ. नीतीश दुबे के संयोजन में आयोजित इस त्रिदिवसीय महोत्सव में कला, सिनेमा और राजनीति के कई राष्ट्रीय सितारे जुट रहे हैं। आयोजकों के अनुसार, 19 अक्टूबर को मुख्य अतिथि के रूप में सांसद व अभिनेता रवि किशन शुक्ला शामिल होंगे, वहीं मंच पर प्रख्यात भोजपुरी गायक भरत शर्मा व्यास और बॉलीवुड प्लेबैक सिंगर मोहम्मद इरफान अपनी गायकी का जादू बिखेरेंगे।

वहीं, 20 अक्टूबर को मुख्य अतिथि के रूप में सांसद व लोकप्रिय गायक मनोज तिवारी पहुंचेंगे, जबकि सांस्कृतिक मंच पर लोकगायिका कल्पना पटवारी, बॉलीवुड गायक शब्बीर कुमार और हास्य अभिनेता राजपाल यादव की मौजूदगी रहेगी। सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के लिए प्रशासन और यूथ क्लब के वॉलिंटियर्स मुस्तैद हैं।