केस उठाओ और 2 लाख दो... वरना भुगतना पड़ेगा अंजाम, मुंगेर में कुख्यात नीतीश गिरफ्तार
मुंगेर में पुराने केस वापस लेने और दो लाख की रंगदारी मांगने के आरोप में कुख्यात अपराधी नीतीश कुमार गिरफ्तार हुआ है।

पीड़ित परिवार से पूछताछ करती पुलिस। (जागरण)
HighLights
पुराना केस वापस लेने को रंगदारी मांगी गई।
कुख्यात अपराधी नीतीश कुमार मुंगेर से गिरफ्तार।
नीतीश पर अपहरण, गोलीबारी के कई मामले दर्ज।
संवाद सहयोगी, धरहरा (मुंगेर)। पुराने केस को वापस लेने का दबाव बनाने के लिए हथियारबंद बदमाशों ने घर पर धावा बोल दिया।
केस वापस नहीं लेने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी और दो लाख रुपये की रंगदारी मांगी। मंगलवार की रात करीब साढ़े नौ बजे पांच-छह बदमाश दो बाइक से लड़ैयाटांड थाना क्षेत्र स्थित खजुरिया गांव पहुंचे और गुड़िया देवी के घर का दरवाजा खटखटाया।
हथियारबंद बदमाशों को देखकर परिवार में दहशत फैल गई। मामला बढ़ता देख पीड़िता गुड़िया देवी ने तत्काल एसपी और स्थानीय पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कासिम बाजार, धरहरा और लड़ैयाटांड़ थाने की पुलिस सक्रिय हुई। संयुक्त टीम ने त्वरित छापेमारी करते हुए गोविंदपुर गांव निवासी सत्यनारायण साव के पुत्र नीतीश कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले। फुटेज में आरोपित के घर पहुंचकर दरवाजा खटखटाने की बात सामने आई है। पीड़िता के अनुसार, बदमाशों की संख्या पांच से छह थी। सभी दो बाइक से पहुंचे थे।
आरोपितों ने पूर्व में दर्ज मामले को वापस लेने का दबाव बनाया। इसके लिए दो लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। घटना के बाद पुलिस ने अन्य आरोपितों की तलाश में भी छापेमारी शुरू कर दी है।
अपहरण से गोलीकांड तक को दिया है अंजाम
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार नीतीश कुमार का आपराधिक इतिहास रहा है। तीन जनवरी 2024 को गुड़िया देवी के पुत्र सन्नी कुमार के अपहरण के मामले में भी उसका नाम सामने आया था।
आरोप है कि मसूदन स्टेशन के समीप किऊल-जमालपुर डीएमयू ट्रेन से हथियार के बल पर युवक का अपहरण किया गया था। स्वजन के अनुसार, आरोपित युवक उनकी पुत्री को कथित रूप से परेशान करता था। इसके बाद स्वजन ने लड़की को उसके भाई के साथ ननिहाल भेज दिया था।
ननिहाल से लौटने के दौरान सन्नी का अपहरण कर लिया गया। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से मोबाइल लोकेशन के आधार पर अपहृत युवक को बरामद किया गया था। इस मामले में आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
सिगरेट नहीं लाने पर बच्चे की आंख में मारी थी गोली
7 जनवरी 2025 को दुकान से सिगरेट नहीं लाने पर बालक अंशु कुमार की आंख में गोली मारने के मामले में भी नीतीश का नाम सामने आया था।

इस मामले में 20 जनवरी को पटना पुलिस ने गिरफ्तार कर उसे धरहरा थाना पुलिस को सौंपा था। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान उसने भागने की कोशिश की।
बाद में पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी थी। इसके अलावा जमीन विवाद में अपनी चाची पर गोली चलाने और उसे पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर फायरिंग करने के आरोप भी उस पर लगे हैं।
दो आरोपित जेल भेजे गए
लड़ैयाटांड थानाध्यक्ष विभांशु शेखर भास्करम ने बताया कि पीड़िता के आवेदन पर केस दर्ज किया गया है। मामले में नीतीश कुमार समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपितों की भूमिका की जांच की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी चल रहा है।
