मुंगेर की जमालपुर-रतनपुर रेलवे सुरंग में दरार-कंपन की सूचना पर हड़कंप, पटना से दौड़ी पहुंची NDRF
जमालपुर-रतनपुर रेल सुरंगों में दरार और कंपन की सूचना पर पटना से एनडीआरएफ की टीम ने आरपीएफ के साथ गहन ...और पढ़ें

अंग्रेजी हुकूमत में बनी रेल सुरंग की जांच करते एनडीआरएफ की टीम। जागरण
HighLights
जमालपुर-रतनपुर रेल सुरंगों में दरार और कंपन की सूचना मिली।
पटना से एनडीआरएफ टीम ने आरपीएफ के साथ निरीक्षण किया।
जांच में सुरंगों की स्थिति सामान्य, परिचालन सुरक्षित पाया गया।
संवाद सहयोगी, जमालपुर (मुंगेर)। जमालपुर-रतनपुर स्टेशन के बीच दोनों रेल सुरंग में शुक्रवार को अचानक सुरक्षा जांच शुरू होने से रेल महकमे में हलचल मच गई। पुरानी रेल सुरंग में दरार और कंपन महसूस होने की सूचना पर पटना से एनडीआरएफ की टीम जमालपुर पहुंची।
आरपीएफ के साथ टीम ने पुरानी के साथ नई सुरंग का भी बारीकी से निरीक्षण किया। एनडीआरएफ के इंस्पेक्टर रणधीर कुमार ने बताया कि विभागीय स्तर पर पुरानी सुरंग में कुछ स्थानों पर दरार दिखाई देने और कंपन महसूस होने की सूचना मिली थी।
सूचना की वास्तविकता और सुरंग की सुरक्षा स्थिति परखने के लिए टीम भेजी गई। आरपीएफ इंस्पेक्टर सुजीत कुमार यादव के नेतृत्व में टीम ने पहले पुरानी सुरंग का निरीक्षण किया। इसके बाद नई सुरंग की भी गहन जांच की गई।
अधिकारियों ने सुरंग की संरचना, दीवारों की स्थिति और संभावित क्षति वाले हिस्सों का जायजा लिया। टीम के लंबे निरीक्षण से आसपास के लोगों और यात्रियों में भी चिंता बढ़ गई। सुरंग के अंदर एनडीआरएफ की गतिविधि देखकर तरह-तरह की चर्चा रही।
जांच में सामान्य मिली स्थिति, परिचालन पर खतरा नहीं
निरीक्षण के बाद एनडीआरएफ टीम ने पुरानी सुरंग की स्थिति सामान्य बताई। नई सुरंग भी रेल परिचालन की दृष्टि से दुरुस्त मिली।
अधिकारियों के अनुसार जांच में ऐसी कोई स्थिति सामने नहीं आई, जिससे तत्काल रेल परिचालन पर खतरा हो।
दोनों सुरंगें जमालपुर-रतनपुर रेलखंड के महत्वपूर्ण हिस्से हैं। सुरक्षा संबंधी सूचना पर एनडीआरएफ और आरपीएफ की संयुक्त जांच से यात्रियों को भी राहत मिली।
यह भी पढ़ें- दीपावली और छठ पर पंजाब और बंगाल जाना आसान, अमृतसर कोलकाता के बीच चलेगी पूजा स्पेशल ट्रेन
यह भी पढ़ें- 20 सितंबर से शेखपुरा होकर दौड़ेंगी पूर्वा एक्सप्रेस समेत 50 ट्रेनें, यात्रियों को फायदा और नुकसान दोनों
