एनडीए सरकार ने गरीबों तक पहुंचाया सीधे योजनाओं का लाभ : स्मृति ईरानी
मुंगेर । केंद्रीय कपड़ा मंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेत्री स्मृति ईरानी ने शनिवार को नगर भवन
मुंगेर । केंद्रीय कपड़ा मंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेत्री स्मृति ईरानी ने शनिवार को नगर भवन में भाजपा प्रत्याशी प्रणव कुमार के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित किया। केंद्रीय मंत्री विपक्ष पर हमलावार रही है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार की जनता ने एक ऐसा कालखंड झेला है, जब अपराधियों का बोलबाला था। बिहार में विकास रूपी सूरज तब उगा, जब नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार की सरकार बनी। तब लोगों को भय के माहौल से मुक्ति मिली। उन्होंने कहा कि कभी केंद्र की तिजौरी से एक रुपये निकलता था, तो महज दस पैसे ही जनता के पास पहुंचता था। यह बात कांग्रेस के उस समय के सबसे बड़े नेता ने कही थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनधन योजना के तहत गरीबों के बैंक खाते खुलवाए। अब केंद्र सरकार सीधे लाभुकों के खाते तक राशि पहुंचाने का काम कर रही है। महिलाएं खाना बनाने के दौरान धूआं के कारण खांसते रहती थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उज्जवला योजना के तहत गरीब महिलाओं के घर तक तक रसोई गैस का कनेकशन पहुंचा कर उन्हें भी राहत पहुंचाने का काम किया। मुंगेर में 93 हजार और पूरे बिहार में आठ करोड़ महिलाओं को निश्शुल्क गैस कनेक्शन दिया गया।
राजद के शासनकाल में प्रत्येक व्यक्ति आय महज आठ रुपये था। जबकि, एनडीए के शासनकाल में प्रति व्यक्ति औसत आय 40 हजार रुपये तक पहुंच गया। बिहार में पहले कृषि का बजट महज 20 करोड़ रुपये था। बड़े बड़े वायदे करने वाले विपक्षी को आज बताना चाहिए कि क्या यह राशि पर्याप्त थी। एनडीए की सरकार ने कृषि और किसानों के विकास के लिए बजट बढ़ा कर 24 हजार करोड़ कर दिया। केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के लिए भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करें। भाजपा में अमीर गरीब में भेदभाव नहीं करती है। इसी कारण संघर्ष करने वाले कार्यकर्ता को भाजपा ने मुंगेर से उम्मीदवार बनाया है। आज महाष्टमी का पर्व है। लोग मां से समृद्धि की कामना करते हैं। घर में लक्ष्मी आने से समृद्धि आती है। लक्ष्मी कांग्रेस का हाथ पकड़ कर या राजद का लालटेन लेकर नहीं आएगी। लक्ष्मी हमेशा कमल के साथ आती है। इसलिए मुंगेर के विकास के लिए भाजपा उम्मीदवार के कमल निशान पर बटन दबाएं, तभी मुंगेर का समग्र विकास होगा।