महागठबंधन की सहमति मिलेगी तो मुंगेर से लड़ेंगे संसदीय चुनाव : वृशिण पटेल
पूर्व मंत्री सह हम के प्रदेश अध्यक्ष वृशिण पटेल ने शनिवार को परिसदन में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि महागठबंधन दलों की सहमति मिली, तो मैं मुंगेर संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ूंगा।
मुंगेर। पूर्व मंत्री सह हम के प्रदेश अध्यक्ष वृशिण पटेल ने शनिवार को परिसदन में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि महागठबंधन दलों की सहमति मिली, तो मैं मुंगेर संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ूंगा। मुंगेर में महागठबंधन दलों के कार्यकर्ताओं से मुलाकात की गई। सभी दलों के साथियों ने मुंगेर से चुनाव लड़ने का अनुरोध किया है। मैं कई बार मुंगेर का प्रभारी मंत्री रह चुका हूं। मुंगेर से मेरा पुराना नाता है। पूर्व मंत्री ने कहा कि कर्नाटक के चुनाव परिणाम ने पूरे देश को कई संदेश दिया है। 2019 का चुनाव कठिन परीक्षा है। कर्नाटक में सत्ता पर काबिज होने के लिए भाजपा ने हर तरह का हथकंडा अजमा लिया। कर्नाटक के चुनाव परिणाम ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व पर भी सवालिया निशान लगा दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विश्वसनीयता कम हुई है। दो करोड़ लोगों को नौकरी का देने का वायदा किया गया, विदेशों में जमा काला धन लाने की बात कही गई, गरीब लोगों के खाते में 15 -15 लाख देने की बात कही गई। लेकिन, एक भी वायदा पूरा नहीं हुआ। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को बताना चाहिए कि वह बिजनेस का कौन तरीका है, जिसके जरिये उनका पुत्र 50 हजार रुपये की पूंजी निवेश कर प्रति वर्ष 80 करोड़ रुपये कमा रहा है। ऐसे में लोगों में भाजपा के प्रति नाराजगी है। इस अवसर पर विधायक विजय कुमार विजय, राजद जिलाध्यक्ष प्रमोद यादव, सपा जिलाध्यक्ष पप्पू यादव, जफर अहमद, आदर्श कुमार राजा, पंकज यादव, शिशिर कुमार लालू, मनीष यादव, मंटू शर्मा आदि मौजूद थे।