मुंगेर विश्वविद्यालय के छात्रों को अब घर बैठे मिलेगी मार्कशीट, DigiLocker में अपलोड हुए सर्टिफिकेट
मुंगेर विश्वविद्यालय के छात्रों को अब अंकपत्र और प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए विश्वविद्यालय या कॉलेजों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
छात्रों को अब विश्वविद्यालय के चक्कर नहीं लगाने होंगे।
सभी सत्रों के अंकपत्र और प्रमाण पत्र डिजिलॉकर पर उपलब्ध।
घर बैठे मोबाइल या कंप्यूटर से दस्तावेज प्राप्त करें।
जागरण संवाददाता, मुंगेर। मुंगेर विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को अब अंकपत्र और प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए विश्वविद्यालय या कालेजों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।
विश्वविद्यालय पूर्व में समाप्त हो चुके सत्रों के साथ वर्तमान में संचालित सत्रों के विद्यार्थियों के अंकपत्र और प्रमाणपत्र डिजिलॉकर पर अपलोड कर रहा है।
विद्यार्थी मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से घर बैठे अपने दस्तावेज प्राप्त कर सकेंगे। विश्वविद्यालय के नोडल अधिकारी डॉ. सूरज कोनार ने बताया कि विद्यार्थियों की आपार आइडी और डिजिलॉकर आइडी तैयार करने का कार्य भी लगातार किया जा रहा है।
वर्तमान सत्रों के अंकपत्र अपलोड
डॉ. कोनार ने बताया कि स्नातक शैक्षणिक सत्र 2023-27 के सेमेस्टर-पांच के 17633, सेमेस्टर-चार के 18679, सेमेस्टर-तीन के 19885, सेमेस्टर-दो के 20369 और सेमेस्टर-एक के 18504 विद्यार्थियों के अंकपत्र अपलोड किए जा चुके हैं।
वहीं, स्नातक शैक्षणिक सत्र 2024-28 के सेमेस्टर-तीन के 22443, सेमेस्टर-दो के 23169 और सेमेस्टर-एक के 19918 विद्यार्थियों के अंकपत्र भी उपलब्ध हैं।
स्नातक शैक्षणिक सत्र 2025-29 के सेमेस्टर-दो के 27750 और सेमेस्टर-एक के 29070 विद्यार्थियों के अंकपत्र अपलोड किए गए हैं।
स्नातक के पुराने सत्रों के प्रमाणपत्र उपलब्ध
विश्वविद्यालय ने स्नातक शैक्षणिक सत्र 2018-21 के 2750, शैक्षणिक सत्र 2019-22 के 24207, शैक्षणिक 2020-23 के 20301, शैक्षणिक सत्र 2021-24 के 27866 और शैक्षणिक सत्र 2022-25 के 23384 विद्यार्थियों के सर्टिफिकेट डिजिलॉकर पर अपलोड किए हैं।
इसके अलावा शैक्षणिक सत्र 2022-25 के 23456 और शैक्षणिक सत्र 2021-24 के 27962 विद्यार्थियों के प्रोविजनल प्रमाण पत्र भी उपलब्ध कराए गए हैं।
पीजी के सात सत्रों के प्रमाणपत्र अपलोड
पीजी के पूर्व के शैक्षणिक सत्रों में शैक्षणिक सत्र 2018-20 के 314, शैक्षणिक सत्र 2019-21 के 470, शैक्षणिक सत्र 2020-22 के 482, शैक्षणिक 2021-23 के 859, शैक्षणिक 2022-24 के 1481, शैक्षणिक सत्र 2023-25 के 1696 और शैक्षणिक सत्र 2024-26 के 1947 विद्यार्थियों के प्रमाण पत्र डिजिलॉकर पर अपलोड किए जा चुके हैं। इससे विद्यार्थियों को शैक्षणिक दस्तावेज प्राप्त करने में सहूलियत होगी।
