विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुंगेर: जिस दुकान से निकाला गया उसी को लूटा, 6 किलो चांदी लूटकांड में पूर्व कर्मचारी समेत 3 गिरफ्तार

Published: Thu, 05 Nov 2026 08:00 PM (IST)

मुंगेर के संग्रामपुर में ओम ज्वेलर्स से छह किलो चांदी लूट मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया ...और पढ़ें

जिस दुकान से निकाला गया उसी को लूटा, 6 किलो चांदी लूटकांड में पूर्व कर्मचारी समेत 3 गिरफ्तार

जिस दुकान से निकाला गया उसी को लूटा, 6 किलो चांदी लूटकांड में पूर्व कर्मचारी समेत 3 गिरफ्तार

HighLights

  1. मुंगेर में छह किलो चांदी लूट के तीन आरोपी गिरफ्तार।

  2. पूर्व कर्मचारी भोला सोनार निकला लूट का मास्टरमाइंड।

  3. गिरफ्तार आरोपियों से 2.300 किलो चांदी बरामद हुई।

संवाद सहयोगी, मुंगेर। जिस दुकान में काम करते हुए पूर्व कर्मचारी को उसके कारोबार और गतिविधियों की पूरी जानकारी मिली थी, उसी को उसने निशाना बनाया। वर्ष 2020 में दुकान से निकाले जाने के बाद उसने लूट की साजिश रची।

संग्रामपुर के नवगाई में दिनदहाड़े हथियार के बल पर करीब छह किलो चांदी लूटने के मामले में पुलिस ने आठ दिन बाद तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 2.300 किलो चांदी बरामद हुई है। गिरोह के छह अन्य सदस्य फरार हैं।

गुरुवार को एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि 28 अक्टूबर को संग्रामपुर थाना क्षेत्र के नवगाई स्थित मुर्गा फार्म के पास ओम ज्वेलर्स के कर्मी को तीन बाइक पर सवार करीब नौ अपराधियों ने हथियार दिखाकर रोका और चांदी लूट ली।

बदमाश पहले संग्रामपुर से बांका की ओर भागे, फिर मुंगेर लौट आए। वारदात के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और वैज्ञानिक अनुसंधान के जरिए जांच शुरू की।

दुकान से हटाए जाने के बाद खोली अपनी दुकान

जांच के दौरान वासुदेवपुर थाना क्षेत्र के चंडिका स्थान निवासी नीरज उर्फ निरू सहनी को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर तारापुर पुरानी बाजार निवासी भोला सोनार और भागलपुर के कहलगांव स्थित काजीचक निवासी रौशन कुमार को पकड़ा गया।

भोला के पास से दो किलो और रौशन के पास से 300 ग्राम चांदी बरामद हुई। एसपी के अनुसार, भोला पहले ओम ज्वेलर्स में काम करता था। चाल-चलन ठीक नहीं होने के कारण दुकानदार ने उसे 2020 में हटा दिया था।

इसके बाद उसने तारापुर में अपनी दुकान खोल ली। नौकरी के दौरान मिली कारोबार, चांदी के लेन-देन और दुकान की गतिविधियों की जानकारी का इस्तेमाल कर उसने लूट की साजिश तैयार की।

छह फरार आरोपितों की तलाश में छापामारी

एसपी ने बताया कि वारदात में शामिल छह अन्य अपराधियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है। नीरज की तलाश में पूरबसराय थाना क्षेत्र के कमेला रोड स्थित मु. सलाम के घर पर भी छापा मारा गया। नीरज वहां नहीं मिला, लेकिन घर से 20 कारतूस बरामद हुए।

मु. सलाम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। जांच में चांदी लूटकांड में उसकी संलिप्तता नहीं मिली। कार्रवाई में शामिल पुलिस पदाधिकारियों और आसूचना इकाई की टीम को पुरस्कृत किया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।