मुंगेर के श्रीकृष्ण सेतु पर 20 कैमरों का पहरा, जाम लगते ही टीम होगी अलर्ट
विक्रमशिला सेतु बंद होने के बाद श्रीकृष्ण सेतु पर बढ़े यातायात दबाव को देखते हुए NHAI ने 20 कैमरे लगाए ...और पढ़ें

मुंगेर के श्रीकृष्ण सेतु पर 20 कैमरों का पहरा, जाम लगते ही टीम होगी अलर्ट
HighLights
श्रीकृष्ण सेतु पर 20 नए कैमरे लगाए गए निगरानी हेतु।
बढ़े यातायात दबाव और अपराध पर नजर रखी जाएगी।
विक्रमशिला सेतु बंद होने से बढ़ी चुनौती का समाधान।
संवाद सहयोगी, मुंगेर। विक्रमशिला सेतु पर आवागमन बंद होने के बाद श्रीकृष्ण सेतु पर बढ़े यातायात दबाव को देखते हुए निगरानी व्यवस्था मजबूत की गई है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने सेतु और इससे जुड़े प्रमुख स्थानों पर 20 कैमरे लगाए हैं।
इन कैमरों से यातायात की लगातार निगरानी की जाएगी। कहीं जाम लगने या वाहनों की लंबी कतार बनने पर संबंधित टीम को अलर्ट किया जाएगा, ताकि समय रहते मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारु कराया जा सके।
विक्रमशिला सेतु बंद होने के कारण वैकल्पिक मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ा है। ऐसे में श्रीकृष्ण सेतु पर यातायात व्यवस्था बनाए रखना चुनौतीपूर्ण हो गया है। कैमरों से मिलने वाली तस्वीरों के आधार पर जाम की स्थिति और वाहनों की आवाजाही पर नजर रखी जा सकेगी।
इससे समस्या वाले स्थानों की पहचान कर त्वरित कार्रवाई करने में मदद मिलेगी। हालांकि, निगरानी का वास्तविक फायदा तभी मिलेगा, जब अलर्ट मिलने के बाद संबंधित टीम सक्रिय होकर मौके पर पहुंचेगी।
जाम के साथ-साथ अपराध पर भी नजर
सेतु पर लगाए गए कैमरे केवल यातायात नियंत्रण तक सीमित नहीं रहेंगे। इनके माध्यम से संदिग्ध वाहनों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा सकेगी। चोरी के वाहनों की पहचान और उन्हें पकड़ने में भी कैमरों से मिलने वाली जानकारी उपयोगी साबित हो सकती है।
हाल में चोरी का एक ट्रैक्टर पकड़ने में कैमरों से मिली जानकारी मददगार रही। इससे स्पष्ट है कि निगरानी व्यवस्था यातायात प्रबंधन के साथ अपराध नियंत्रण में भी अहम भूमिका निभा सकती है।
होगी निगरानी, कार्रवाई में राहत
सेतु पर कैमरे लगने से निगरानी का दायरा बढ़ा है, लेकिन यात्रियों को जाम से राहत दिलाने के लिए त्वरित कार्रवाई जरूरी होगी। जाम की सूचना मिलते ही टीम की तैनाती, वाहनों की आवाजाही का बेहतर प्रबंधन और मौके पर हस्तक्षेप से ही व्यवस्था प्रभावी बनेगी।
एनएचएआई के परियोजना निदेशक मनीष कुमार ने बताया कि श्रीकृष्ण सेतु पर निगरानी के लिए 20 कैमरे लगाए गए हैं। इनके माध्यम से यातायात की स्थिति पर नजर रखने और जरूरत पड़ने पर त्वरित कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।
यह भी पढ़ें- विक्रमशिला सेतु बंद होने से परेशानी के बीच राहत, 3 घाटों में जहाज से बाइक ले जाने पर पाबंदी हटी
