मुंगेर में खड़े ट्रक से टकराई नारियल लदी पिकअप, पश्चिम बंगाल के ड्राइवर की मौके पर मौत, झपकी से हुआ हादसा
Munger Accident Pickup Truck Driver: मुंगेर के हवेली खड़गपुर में गंगटा थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे में नारियल ...और पढ़ें

गंगटा थाना क्षेत्र स्थित घटनास्थल दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन।
HighLights
मुंगेर में नारियल लदे पिकअप का भीषण हादसा।
ड्राइवर पिंटू हांसदा की मौके पर ही मौत।
उपचालक मंसूर आलम गंभीर रूप से घायल।
संवाद सूत्र, हवेली खड़गपुर (मुंगेर)। Munger Accident Pickup Truck Driver: मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर अनुमंडल अंतर्गत गंगटा थाना क्षेत्र में सोमवार की अहले सुबह एक भीषण सड़क हादसे में पिकअप के ड्राइवर की मौत हो गई, जबकि उपचालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
हादसा इतना भयानक था कि नारियल लदा पिकअप सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जोरदार तरीके से टकरा गया, जिससे चालक की मौके पर ही सांसें थम गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल से नारियल लादकर एक पिकअप वाहन मुंगेर की ओर आ रहा था। वाहन जैसे ही गंगटा मोड़ से आगे बढ़कर गंगटा थाना क्षेत्र के बनाहरा चौक के समीप पहुँचा, वैसे ही चालक को झपकी आ गई।
आशंका जताई जा रही है कि नींद की झपकी आने के कारण वाहन पर से नियंत्रण छूट गया और पिकअप सड़क किनारे खड़े एक भारी-भरकम ट्रक से जा टकराई।
मौके पर ड्राइवर की मौत, उपचालक घायल
इस भीषण टक्कर में पिकअप के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। हादसे में चालक पिंटू हांसदा (35), निवासी पश्चिम बंगाल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
वहीं, वाहन पर सवार उपचालक मंसूर आलम भी गंभीर रूप से जख्मी हो गए, जो पश्चिम बंगाल के ही रहने वाले हैं। अहले सुबह हुई इस दुर्घटना से आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस ने की कार्रवाई, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही गंगटा थाना की पुलिस तुरंत दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुँची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। गंगटा थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि दुर्घटना में मृत चालक के शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर भेज दिया गया है। वहीं, घायल उपचालक के इलाज की व्यवस्था करते हुए पुलिस अग्रतर कार्रवाई में जुटी है।
