मुंगेर से भागलपुर जा रही सिगरेट की बड़ी खेप पकड़ी गई! ₹200 प्रति पेटी का मिला था लालच, बांक मोड़ पर ड्राइवर गिरफ्तार
मुंगेर पुलिस ने बांक मोड़ के पास एक मैजिक वाहन से अवैध सिगरेट की बड़ी खेप पकड़ी और चालक राजू ...और पढ़ें

मुंगेर के बांक मोड़ पर मैजिक वाहन से भारी मात्रा में अवैध सिगरेट बरामद!
HighLights
मुंगेर में अवैध सिगरेट की भारी खेप जब्त की गई।
बांक मोड़ पर मैजिक वाहन चालक राजू कुमार गिरफ्तार।
पुलिस अब पूरे सिंडिकेट और सप्लाई चेन की जांच में जुटी।
संवाद सहयोगी, मुंगेर। मुंगेर में अवैध सिगरेट के सिंडिकेट के खिलाफ मुफस्सिल थाना पुलिस ने शनिवार देर शाम एक बड़ी और सफल कार्रवाई की है। पुलिस ने बांक मोड़ के पास घेराबंदी कर एक मैजिक वाहन से भारी मात्रा में अवैध सिगरेट की खेप बरामद की। मौके से वाहन के चालक को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया गया है।
पकड़े गए चालक की पहचान शिवकुंड छड़ापट्टी निवासी राजू कुमार उर्फ रणबीर के रूप में हुई है। पुलिस अब केवल चालक तक सीमित न रहकर इस काले कारोबार की पूरी सप्लाई चेन और मुख्य सिंडिकेट को खंगालने में जुट गई है।
मुफस्सिल थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक मैजिक वाहन पर भारी मात्रा में सिगरेट लादकर तस्करी के उद्देश्य से निकाला जा रहा है। सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस बल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बांक मोड़ के पास रणनीतिक घेराबंदी की।
तलाशी में खुला राज
कुछ ही देर बाद जब बताए गए हुलिए का मैजिक वाहन बांक मोड़ के पास पहुंचा, तो पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। वाहन की सघन तलाशी लेने पर उसमें से भारी मात्रा में सिगरेट के कार्टन (पेटियां) बरामद हुए। वैध कागजात प्रस्तुत न करने पर पुलिस ने सिगरेट लदे वाहन को जब्त कर चालक को फौरन हिरासत में ले लिया।
भागलपुर खेप पहुंचाने का मिला था जिम्मा
पूछताछ के दौरान चालक राजू कुमार ने पुलिस के सामने कई अहम खुलासे किए। उसने स्वीकार किया कि मिन्नतनगर निवासी मु. राजा ने उसे यह सिगरेट मुंगेर से भागलपुर ले जाकर ठिकाने लगाने के लिए सौंपी थी। इस काम के लिए उसे प्रति पेटी 200 रुपये का भाड़ा देने का लालच दिया गया था।
दिलावरपुर में सख्ती के बाद तस्करों ने बदला ठिकाना
मुंगेर पुलिस इस बरामदगी के तार दिलावरपुर इलाके से भी जोड़कर देख रही है। उल्लेखनीय है कि बीते दिनों दिलावरपुर इलाके में अवैध सिगरेट के गोदामों और तस्करी की खेप को लेकर पुलिस लगातार चार से पांच बार बड़ी कार्रवाइयां कर चुकी है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि दिलावरपुर में लगातार पुलिसिया दबिश और सख्ती बढ़ने के कारण अवैध कारोबारियों ने अपना ठिकाना और भंडारण स्थल बदलकर नए सुरक्षित इलाकों की तलाश शुरू कर दी है।
मिन्नतनगर और हाजीसुभान के तस्करों पर पुलिस का शिकंजा
चालक से मिले इनपुट के बाद अब पुलिस जांच की आंच मिन्नतनगर और हाजीसुभान इलाके तक पहुंच चुकी है। पुलिस यह पता लगा रही है कि दिलावरपुर में नेटवर्क टूटने के बाद क्या तस्करों ने मिन्नतनगर और हाजीसुभान को अपना नया केंद्र बनाया है।
चालक द्वारा बताए गए ठिकानों, मोबाइल नंबरों और मु. राजा समेत इस नेटवर्क से जुड़े अन्य धंधेबाजों के सत्यापन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि तस्करी नेटवर्क से जुड़े किसी भी सरगना को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
