विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गले पर 'विलेन' टैटू वाले ने वीडियो जारी कर पुलिस को दी 72 घंटे में भूचाल की धमकी, मुंगेर डकैती का संदिग्ध है न‍िशु झा

Published: Sun, 27 Sep 2026 10:49 AM (IST)

जमालपुर में सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक के घर हुई डकैती के पांच दिन बाद भी पुलिस खाली हाथ है, लेकिन 'विलेन' टैटू ...और पढ़ें

HighLights

  1. जमालपुर डकैती के संदिग्ध निशु झा ने पुलिस को चुनौती दी।

  2. 'विलेन' टैटू के आधार पर हुई संदिग्ध की पहचान।

  3. निशु ने वीडियो जारी कर 72 घंटे में 'भूचाल' की धमकी दी।

संवाद सहयोगी, जमालपुर (मुंगेर)। जमालपुर थाना क्षेत्र के फरीदपुर दास टोली में सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक मनोज कुमार दास के घर हुई 18.50 लाख रुपये की भीषण डकैती के पांच दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं, लेकिन इस मामले में एक नाटकीय मोड़ आ गया है।

डकैती के दौरान एक बदमाश के गले पर बने 'विलेन' लिखे टैटू के आधार पर जब पुलिस उसके घर तक पहुंची, तो फरार संदिग्ध ने इंटरनेट मीडिया पर बाकायदा वीडियो जारी कर पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती दे डाली है। संदिग्ध ने खुद को बेकसूर बताते हुए पुलिस को 72 घंटे के भीतर इलाके में 'भूचाल' मचाने की धमकी दी है।

उल्लेखनीय है कि 22 सितंबर की रात पांच नकाबपोश हथियारबंद डकैतों ने रिटायर्ड हेडमास्टर के घर में परिजनों को बंधक बनाकर 18.50 लाख रुपये मूल्य के नकदी और जेवरात लूट लिए थे। वारदात के वक्त मनोज दास के बेटे सौरभ ने बहादुरी से एक बदमाश का नकाब हटने पर उसके गले पर 'विलेन' लिखा टैटू देख लिया था। पीड़ित ने पुलिस को इस खास पहचान की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने फरीदपुर और आसपास के पुराने अपराधियों का रिकॉर्ड खंगालना शुरू किया।

टैटू से खुली पहचान, घर पर पुलिस की दबिश और परिजनों से पूछताछ

पुलिस सूत्रों के अनुसार, रिकॉर्ड खंगालने पर 'विलेन' टैटू वाले युवक की पहचान फरीदपुर निवासी निर्भय कुमार झा उर्फ निशु झा उर्फ बाबा के रूप में हुई। पुलिस जब उसके घर गिरफ्तारी के लिए पहुंची, तो वह फरार मिला। इसके बाद पुलिस टीम ने डकैती कांड की कड़ियां जोड़ने और सुराग जुटाने के लिए उसके परिवार के सदस्यों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

वीडियो जारी कर दी धमकी, पुलिस पर लगाए अवैध धंधों के आरोप

परिवार को हिरासत में लिए जाने की सूचना मिलते ही भूमिगत चल रहे निशु झा ने सोशल मीडिया पर एक सनसनीखेज वीडियो प्रसारित कर दिया। वीडियो में उसने डकैती कांड में अपनी किसी भी तरह की संलिप्तता से साफ इनकार किया और पुलिस पर निर्दोष परिजनों को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया।

दुस्साहस दिखाते हुए उसने धमकी दी कि यदि उसके परिवार को परेशान करना बंद नहीं किया गया, तो वह 72 घंटे के भीतर बड़ा धमाका यानी 'भूचाल' मचा देगा। उसने जमालपुर इलाके में कथित लॉटरी, जुआ, अवैध शराब, अवैध हथियार और ब्राउन शुगर के कारोबार को लेकर भी पुलिस पर कई गंभीर आरोप मढ़े हैं। हालांकि, पुलिस का कहना है कि ये आरोप खुद को बचाने के लिए गढ़े जा रहे हैं।

एसपी बोले- पुराना अपराधी है संदिग्ध

मुंगेर एसपी सैयद इमरान मसूद ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट किया है कि डकैती कांड में नामजद संदिग्ध निर्भय झा का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है और वह जेल भी जा चुका है। एसपी ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की तकनीकी जांच (साइबर सेल के माध्यम से) कराई जा रही है।

जल्द होगी गिरफ्तारी

पुलिस किसी भी दबाव या धमकी में आने वाली नहीं है। टैटू के निशान, घटना के समय मोबाइल टॉवर लोकेशन और संदिग्ध की भौतिक उपस्थिति की सघन जांच चल रही है। पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और बहुत जल्द आरोपित को गिरफ्तार कर पूरे कांड का पर्दाफाश किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- साली को साथ रखने की जिद पड़ी भारी, मुंगेर में जीजा को 20 साल की जेल; पॉक्सो अदालत का बड़ा फैसला