मुंगेर पुलिस के भुगतान में गड़बड़ी, मुख्यालय के आदेश पर जांच शुरू, DIG के निर्देश पर SP खंगाल रहे चार साल के रिकॉर्ड
Munger Police Salary Investigation: मुंगेर पुलिस के वेतन और भत्तों के भुगतान में वित्तीय अनियमितताओं की आशंका के बाद जांच ...और पढ़ें
-1793078238953_m.webp)
Munger Police Salary Investigation:वेतन और भत्तों के ई-एचआरएमएस कागजात और अभिलेख खंगालती पुलिस टीम।
HighLights
मुंगेर पुलिस के वेतन भुगतान में अनियमितता की आशंका।
ई-एचआरएमएस डेटा में गड़बड़ी के बाद जांच शुरू।
डीआईजी के नेतृत्व में विशेष टीम कर रही जांच।
संवाद सहयोगी, मुंगेर। Munger Police Salary Investigation:पटना, गयाजी, गोपालगंज और मुजफ्फरपुर जिलों में पुलिसकर्मियों के वेतन और भत्तों के भुगतान में संभावित वित्तीय अनियमितता सामने आने के बाद अब मुंगेर पुलिस के भुगतान का भी हिसाब खंगाला जा रहा है।
ई-एचआरएमएस (e-HRMS) डेटा के अवलोकन में सामने आई गड़बड़ियों की आशंका ने पुलिस महकमे में भारी हलचल पैदा कर दी है। बिहार पुलिस मुख्यालय के सख्त निर्देश पर मई 2022 से मई 2026 तक की चार वर्षीय अवधि में हुए सभी प्रकार के भुगतानों की जांच शुरू कर दी गई है।
मुख्यालय स्तर पर डेटा के सत्यापन के दौरान यह संकेत मिले हैं कि विभिन्न कार्यालयों द्वारा वेतन और अन्य मदों में निर्धारित सीमा से अधिक भुगतान, एक ही कार्यालय से दोबारा राशि की निकासी और नियमों के विपरीत पैसों का आहरण किया गया है। इसी को गंभीरता से लेते हुए मुख्यालय ने मुंगेर समेत संबंधित जिलों में तत्काल जांच कर जवाबदेही तय करने का आदेश दिया है।
दोषियों की भूमिका भी होगी जांच के दायरे में
मुंगेर में डीआईजी के प्रत्यक्ष निर्देशन में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया है। यह टीम ई-एचआरएमएस डेटा, बैंक निकासी के ब्योरे और भौतिक अभिलेखों का बारीकी से मिलान कर रही है।
जांच का मुख्य उद्देश्य केवल भुगतान के अंतर को तलाशना नहीं, बल्कि यदि कोई गड़बड़ी पाई जाती है, तो उसमें शामिल जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मियों की भूमिका को भी उजागर करना है।
हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मुंगेर में वित्तीय अनियमितता की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है; रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।
तीन दिनों के भीतर मुख्यालय को सौंपनी है रिपोर्ट
पुलिस मुख्यालय ने मुंगेर के साथ-साथ गया, मुजफ्फरपुर और गोपालगंज जिलों को इस संवेदनशील मामले में त्वरित जांच पूरी कर तीन दिनों के भीतर अनुपालन प्रतिवेदन (Compliance Report) उपलब्ध कराने का कड़ा निर्देश दिया है।
मामले की पुष्टि करते हुए मुंगेर एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि डीआईजी के निर्देशन में गठित टीम सभी अभिलेखों की सूक्ष्मता से जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर अगली कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे महकमे की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं।
"डीआईजी साहब के निर्देशन में एक समर्पित जांच टीम गठित कर मई 2022 से मई 2026 तक के वेतन व भत्ता भुगतान से जुड़े सभी अभिलेखों और ई-एचआरएमएस डेटा की पड़ताल कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की नियमानुकूल कार्रवाई की जाएगी।"
