विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वीआईपी एस्कॉर्ट ड्यूटी के दौरान फोरलेन पर पलटा पुलिस वाहन, दो महिला जवान समेत चार पुलिसकर्मी घायल, मचा हड़कंप

Published: Fri, 27 Nov 2026 11:24 PM (IST)

मुंगेर में घने कोहरे के कारण वीआईपी एस्कॉर्ट ड्यूटी पर जा रहा पुलिस वाहन पलट गया, जिसमें दो महिला समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसी दौरान हवेली खड़गपुर में एक तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से बाइक सवार शिक्षक राजीव कुमार रमन की दर्दनाक मौत हो गई।

मुंगेर में घने कोहरे ने रोकी पुलिस एस्कॉर्ट वाहन की रफ्तार

मुंगेर में घने कोहरे ने रोकी पुलिस एस्कॉर्ट वाहन की रफ्तार

HighLights

  1. घने कोहरे में पलटा पुलिस एस्कॉर्ट वाहन।

  2. दो महिला सहित चार पुलिसकर्मी जख्मी हुए।

  3. हवेली खड़गपुर में शिक्षक की दर्दनाक मौत।

संवाद सहयोगी, मुंगेर। फोरलेन पर छाए घने कोहरे ने पुलिस एस्कॉर्ट टीम की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। कम दृश्यता के कारण एस्कार्ट वाहन अनियंत्रित होकर रतनपुर के पास पलट गया। इस हादसे में दो महिला जवान समेत चार पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सभी घायलों को तत्काल मुंगेर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उनका इलाज किया गया।

वीआईपी एस्कॉर्ट ड्यूटी में गए थे जवान

मिली जानकारी के अनुसार, जख्मी जवानों में मुंगेर पुलिस लाइन के राजेश कुमार (43), मु. आजम (58), स्वाती सिंह (28) और चांदनी कुमारी (30) शामिल हैं। सभी जवान किसी वीआईपी की एस्कॉर्ट ड्यूटी में गए थे। इसी दौरान फोरलेन पर घना कोहरा और बेहद कम दृश्यता हादसे की वजह बन गई, जिससे चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सड़क किनारे पलट गई।

इलाज के बाद सभी जवान लौटे पुलिस केंद्र, एसपी ने दी जानकारी

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई और अधिकारी तुरंत सक्रिय हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी भी जवान को गंभीर चोट नहीं आई।

"घने कोहरे के कारण एस्कॉर्ट वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया था। हादसे में चार जवानों को हल्की चोटें आई थीं। सदर अस्पताल में इलाज कराने के बाद सभी जवान सुरक्षित पुलिस केंद्र लौट चुके हैं।" - सैयद इमरान मसूद, एसपी, मुंगेर

हवेली खड़गपुर नगर के नंदलाल बसु चौक स्थित दुर्गा मंदिर के समीप बुधवार को तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से बाइक सवार एक शिक्षक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान रमनकाबाद मुहल्ला निवासी राजीव कुमार रमन (48) के रूप में हुई है। वे मध्य विद्यालय साडोव में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

चिकित्सीय जांच का आवेदन स्कूल में देकर लौट रहे थे घर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवा नंदलाल बसु चौक से अंबेडकर चौक की ओर जा रहा था और इसी दिशा में शिक्षक राजीव कुमार रमन भी अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। दुर्गा मंदिर के समीप अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वे सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान बगल से गुजर रहे हाईवा का पिछला पहिया उनके सिर पर चढ़ गया, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

सिर पर चढ़ा पिछला पहिया

बताया गया कि शिक्षक चिकित्सीय जांच से संबंधित आवेदन अपने विद्यालय में जमा कर घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। घटना के बाद स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही हवेली खड़गपुर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।

"शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर सदर अस्पताल भेज दिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त हाईवा को जब्त कर लिया गया है, जबकि चालक मौके से फरार है। वाहन मालिक की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।"

-

— पंकज कुमार, थानाध्यक्ष, हवेली खड़गपुर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।