जनता की एक-एक समस्याओं का किया जाएगा निदान : सांसद
- बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें मंत्री संवाद सूत्र धरहरा (मुंगेर) सांसद राजीव रंजन ि
- बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें : मंत्री
संवाद सूत्र, धरहरा (मुंगेर): सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, ग्रामीण कार्य मंत्री शौलेश कुमार शनिवार को प्रखंड के खजुरिया गांव पहुंचे। सांसद और मंत्री आम जनता की समस्याओं से रूबरू हुए। ग्रामीणों ने सांसद और मंत्री का फूल माला पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर किसान प्रकोष्ठ के प्रखंड अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने सांसद के सम्मान में दुर्गा मंदिर में सवा मन लड्डू का भोग लगाकर वितरण किया। स्थानीय ग्रामीणों ने 600 मीटर पक्की नाला का निर्माण, विद्यार्थियों के लिए पुस्तकालय, खेल मैदान व दुर्गा मंदिर के प्रांगण में हाई मास्क लाइट लगाने की मांग की। मनकोठिया के ग्रामीणों ने भी नौलक्खा पुल से आदिवासी बहुल्य मनकोठिया गांव तक सड़क बनाने, हरायचक के महादलितों ने अपने गांव में स्कूल बनाने की मांग की। मौके पर सांसद राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह ने कहा कि जनता की एक एक समस्याओं का निदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के मुखिया नीतीश कुमार ने शिक्षा, स्वास्थ्य बिजली, हर घर नल जल, सहित कई अन्य कल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन कर बिहार को विकसित किया है। शराबबंदी कानून लागू कर उजड़े घर को बसाया है। उन्होंने आम सभा में उपस्थित बीडीओ डॉ. प्रभात रंजन, पुलिस इंस्पेक्टर पंकज कुमार सिंह को निर्देश दिया कि शराबबंदी कानून का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराएं। इस अवसर पर मंत्री शैलेश कुमार ने कहा कि खजुरिया एक शिक्षित गांव है। अभिभावकों को चाहिए कि अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें। क्योंकि जो पढ़ेगा, वही आगे बढ़ेगा। उन्होंने भी शराबबंदी कानून लागू करने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की भूरी भूरी प्रशंसा की। इस अवसर पर जदयू जिलाध्यक्ष संतोष साहनी, जदयू नेता सौरभ निधि, राजेश कुशवाहा, कन्हैया सिंह, प्रेम मोहन सिंह, अतुल कुमार, विनोद कोड़ा, पंकज कुमार, विकास कुमार, प्रवीण कुमार, आदेश आनंद, बंगलवा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि परमानंद मांझी, सुरेश राम, मनोज कोड़ा, राजकुमार यादव, मुकेश यादव, महगामा के पूर्व मुखिया अनिल यादव, विकास यादव, महगामा मुखिया अजय साह सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।