नवरात्र और रामनवमी को लेकर माहौल हुआ भक्तिमय
- निकाला गया भव्य कलश विसर्जन शोभा यात्रा जागरण संवाददाता मुंगेर चैती नवरात्र और रामनवमी
- निकाला गया भव्य कलश विसर्जन शोभा यात्रा
जागरण संवाददाता, मुंगेर : चैती नवरात्र और रामनवमी को लेकर योगनगरी मुंगेर में माहौल भक्तिमय हो उठा। रविवार को दसवीं पूजा को लेकर चंडिका स्थान में श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। वहीं, गुलजार पोखर, बेकापुर, कौड़ा मैदान आदि मंदिरों में भी दिन भर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। इधर, रविवार को कौड़ा मैदान से विसर्जन कलश शोभा यात्रा निकाली गई। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। चौक चौराहे पर पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई थी। विसर्जन के दौरान शहर का माहौल भक्तिमय हो उठा। इधर, सुबह से ही विभिन्न मंदिर में मां दुर्गा का खोईंचा देने के लिए महिलाओं की भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाओं की भीड़ को नियंत्रित करने में मंदिर में मौजूद स्वयं सेवक को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं, नवरात्र करने वाली महिलाओं ने पूजा अर्चना के बाद प्रसाद ग्रहण किया। वहीं, देर शाम विभिन्न मंदिरों में आरती का आयोजन किया गया। पहली बार आदर्श आचार संहिता लागू होने के कारण मंदिरों के आसपास डीजे बजाने पर पूरी तरह से रोक लगी हुई थी। लेकिन, ढोल, शंख की ध्वनि से माहौल भक्तिमय हो गया था। वहीं, देर रात तक लोगों मेला घूम कर आनंद उठाते दिखे।