चंद्रशेखर को गिरफ्तार करने में पुलिस को नहीं मिली सफलता
फालोअप - मंजर से चंद्रशेखर ने खरीदी 08 एके 47 - दो दिन औरंगाबाद में रह कर लौटी मुंगेर
फालोअप
- मंजर से चंद्रशेखर ने खरीदी 08 एके 47
- दो दिन औरंगाबाद में रह कर लौटी मुंगेर पुलिस
जागरण संवाददाता, मुंगेर : एके 47 की तस्करी मामले में मुंगेर पुलिस की विशेष टीम ने औरंगाबाद जिला के दाउदनगर थाना क्षेत्र निवासी चंद्रशेखर आजाद की गिरफ्तारी को लेकर छापामारी की। लेकिन, चंद्रशेखर पुलिस छापामारी की भनक मिलते ही बच कर निकल गया। मुंगेर पुलिस की टीम चंद्रशेखर की गिरफ्तारी को लेकर दो दिनों तक औरंगाबाद में कैंप करने के बाद बैरंग वापस मुंगेर लौट आई। एसपी बाबू राम ने कहा कि एके 47 तस्करी मामले में जेल में बंद मंजर उर्फ मंजी को जब रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई, तब औरंगाबाद निवासी चंद्रशेखर आजाद का नाम सामने आया था। पूछताछ के दौरान मंजी ने बताया था कि चंद्रशेखर ने उससे आठ एके 47 राइफल खरीदी है। एसपी ने कहा कि चंद्रशेखर का पूर्व से आर्म्स तस्करी में संलग्न रहा है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चंद्रशेखर छठ में अपने घर आने वाला है। इस सूचना के बाद मुंगेर पुलिस की विशेष टीम को औरंगाबाद भेजा गया था। लेकिन, पुलिस को चंद्रशेखर की गिरफ्तारी में सफलता नहीं मिली। एसपी ने कहा कि पुलिस अब सभी आरोपितों के खिलाफ चार्जशीट दायर करने की तैयारी में जुट गई है।