मुंगेर की फैजा ने नीट व मुजफ्फर ने पीजी नीट में गाड़ा झंडा; एक ही परिवार में 4 डॉक्टर, चांदी की कलम से हुआ सम्मान
Munger NEET PG Topper: मुंगेर की फैजा आफरीन (नीट यूजी) और मुजफ्फर अली (पीजी नीट) को उनकी शानदार सफलता के ...और पढ़ें

Munger NEET PG Topper: मुंगेर के हाजी सुभान में आयोजित सम्मान समारोह में नीट सफल छात्रा फैजा आफरीन और पीजी नीट में चयनित मु. मुजफ्फर अली को चांदी की कलम देकर सम्मानित करते अतिथि।
HighLights
फैजा आफरीन ने नीट यूजी में उत्कृष्ट सफलता प्राप्त की।
मुजफ्फर अली ने पीजी नीट में सर्वोच्च रैंक हासिल की।
एक ही परिवार में चार एमबीबीएस डॉक्टर होना गौरव।
संवाद सहयोगी, मुंगेर। Munger NEET PG Topper: जिले के छात्र-छात्राओं ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि कड़ी मेहनत, लगन और मजबूत इरादों के आगे संसाधनों की कमी कभी बाधा नहीं बन सकती। राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित मेडिकल प्रवेश परीक्षा में ऐतिहासिक सफलता हासिल करने वाले दो मेधावियों के सम्मान में अल्पसंख्यक विकास मोर्चा की ओर से शहर के हाजी सुभान स्थित विद्यालय परिसर में एक गरिमामयी नागरिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह में नीट (यूजी) परीक्षा में उत्कृष्ट सफलता प्राप्त करने वाली डॉ. मु. जहांगीर की मेधावी पुत्री फैजा आफरीन और पीजी नीट (मेडिकल) में सर्वोच्च रैंक हासिल करने वाले मिर्जापुर बरदह निवासी मु. मुजफ्फर अली को अंगवस्त्र, शॉल, डायरी और चांदी की कलम भेंट कर सम्मानित किया गया।
प्रतिभा और शिक्षा के दम पर युवाओं ने बढ़ाया मान: डॉ. मंसूर नियाजी
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व प्राचार्य डॉ. मंसूर नियाजी ने की, जबकि मंच संचालन का दायित्व अधिवक्ता मु. जहांगीर ने निभाया। जेआरएस कॉलेज, जमालपुर के प्रभारी प्राचार्य डॉ. देवराज सुमन कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे।
समारोह की अध्यक्षता करते हुए डॉ. मंसूर नियाजी ने कहा कि आज का दिन पूरे मुंगेर समाज के लिए गौरव और स्वाभिमान का क्षण है। हमारे बेटे और बेटियां अपनी असीम प्रतिभा और उच्च शिक्षा के बल पर राष्ट्रीय पटल पर कामयाबी के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि फैजा और मुजफ्फर की यह ऐतिहासिक सफलता न केवल उनके परिवारों का मान बढ़ा रही है, बल्कि आने वाली नई पीढ़ी को भी उच्च शिक्षा की दिशा में आगे बढ़ने का मजबूत हौसला और प्रेरणा दे रही है।
एक ही परिवार में चार एमबीबीएस डॉक्टर, समाज के लिए नजीर
मुख्य अतिथि डॉ. देवराज सुमन ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मिर्जापुर बरदह के नौजवान मु. मुजफ्फर अली ने यह सिद्ध कर दिखाया है कि दुनिया में ज्ञान और शिक्षा से बड़ी कोई दूसरी शक्ति नहीं है। उन्होंने विशेष रूप से रेखांकित किया कि एक ही परिवार से चार-चार सदस्यों का एमबीबीएस डॉक्टर बनना अपने आप में एक दुर्लभ और अत्यंत गौरवशाली उपलब्धि है। ऐसे नौजवान समाज और राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं।
मंच संचालक अधिवक्ता जहांगीर ने कहा कि ग्रामीण पृष्ठभूमि और सीमित संसाधनों के बावजूद हमारे बच्चों ने दिन-रात एक कर यह मुकाम हासिल किया है, जो युवाओं के लिए अनुकरणीय है।
गणमान्य लोगों ने दी शुभकामनाएं, उज्ज्वल भविष्य की कामना
सम्मान समारोह में उपस्थित समाज के विभिन्न प्रबुद्धजनों ने दोनों सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और जनसेवा की भावना से चिकित्सा कार्य करने की कामना की। इस अवसर पर अबू मोहम्मद, शाहिद हुसैन, मु. शकील सैदा, हाजी हसीबुर्रहमान और डॉ. शाहिद वसीम सहित बड़ी संख्या में शिक्षाविद, अभिभावक और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
