विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुंगेर : ढाई साल तक क‍िया दुष्‍कर्म, फ‍िर बोला शादी करुंगा लेक‍िन पहले सोना-चांदी और रुपये लेकर घर से आओ, एफएसएल टीम ने की जांच

Published: Sun, 25 Jan 2026 10:06 PM (IST)

जमालपुर में एक नाबालिग के यौन शोषण मामले में भागलपुर की एफएसएल टीम ने घटनास्थल की जांच की। पीड़िता ने आरोप लगाया था कि आरोपी युवक ने ढाई साल तक शादी का झांसा देकर उसका शोषण किया और सोने-चांदी के जेवरात भी ठगे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मुंगेर में दुष्‍कर्म मामले की जांच करने पहुंची एफएसएल की टीम।

मुंगेर में दुष्‍कर्म मामले की जांच करने पहुंची एफएसएल की टीम।

संवाद सूत्र, जमालपुर (मुंगेर)। जमालपुर थाना में दर्ज एक नाबालिग यौन शोषण के एक गंभीर मामले की जांच के क्रम में भागलपुर से एफएसएल की टीम ने थाना क्षेत्र अंतर्गत एक घर में पहुंची। पीड़िता ने शिकायत में पुलिस को बताया है कि उक्त मकान में आरोपित युवक ने कई बार उसके साथ यौन संबंध बनाया था। इस आधार पर पुलिस ने घटनास्थल को चिन्हित कर एफएसएल टीम को जांच के लिए बुलाया।

बता दें कि, 19 जनवरी को बड़ी केशवपुर निवासी एक नाबालिग ने जमालपुर थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया था कि एक युवक उसे बहला-फुसलाकर तथा शादी का झांसा देकर पिछले ढाई वर्षों से उसका यौन शोषण करता आ रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा है।

पीड़िता ने पुलिस बताया था कि आरोपित ने उससे उसके घर से सोने-चांदी के जेवरात लाकर देने का दबाव बनाया था। लगभग 87 ग्राम सोने व चांदी के जेवर आरोपित को सौंप दिए थे। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया था कि उसने एक मित्र की मदद से किसी दुकान पर उन जेवरात की बिक्री कर दी। पुलिस ने इस मामले में भी अलग से जांच शुरू कर दी है।

भीड़-भाड़ वाले इलाके में लिया गया था मकान किराये पर

जिस स्थान पर कथित यौनाचार किया गया, वह शहर का काफी व्यस्त और चर्चित इलाका है, जहां कई सरकारी अधिकारियों के भी मकान हैं। मकान मालिक ने बताया कि युवक ने मकान किराये पर लेते समय कहा था कि वह वहां सीमेंट और छड़ की दुकान खोलेगा। लेकिन दो-तीन महीने बाद उसने वहां चाय और ठंडे पेय पदार्थ की दुकान खोल दी और मकान के अंदर एक केबिन का निर्माण करा लिया, जहां प्रेमी युगल का आना-जाना बताया जाता है।

मकान मालिक ने यह भी बताया कि जब उन्हें इस तरह की गतिविधियों की सूचना मिली और उन्होंने जांच की तो केबिन तो मिला, लेकिन उस समय कोई मौजूद नहीं था। पूछताछ पर युवक ने किसी भी तरह की गलत गतिविधि से इन्कार किया। बाद में पुलिस ने भी मकान मालिक से संपर्क कर मामले की जानकारी दी और कमरे में अलग से ताला लगवा दिया गया।

हालांकि, किराएदार का ताला भी वहां लगा हुआ था, जिसे एफएसएल टीम की उपस्थिति में तोड़ा गया। निरीक्षण के दौरान मौके पर अपर थानाध्यक्ष टीपू सुल्तान, भागलपुर एफएसएल कार्यालय की वरीय विज्ञानी सहायक यशोदा कुमारी, सहायक विज्ञानी बृजेश कुमार सहित टीम थी। पुलिस का कहना है कि एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद जांच को और मजबूत आधार मिलेगा और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।