श्राद्ध कर्म में शामिल होने आया था, नहर में समा गई जिंदगी, मुंगेर में ई-रिक्शा चालक की मौत, 5 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
जमालपुर के नयागांव में श्राद्ध कर्म में शामिल होने आए ई-रिक्शा चालक राजकुमार साह की काली पहाड़ी नहर में नहाते ...और पढ़ें

जमालपुर की काली पहाड़ी नहर समीप उमड़ी भीड़, जागरण।
HighLights
ई-रिक्शा चालक राजकुमार साह की नहर में डूबकर मौत।
श्राद्ध कर्म में शामिल होने के दौरान हुआ हादसा।
पांच बच्चों के पिता थे मृतक, मुआवजे की प्रक्रिया शुरू।
संवाद सहयोगी, जमालपुर (मुंगेर)। जमालपुर थाना क्षेत्र के ईस्ट कालोनी अंतर्गत नयागांव में उस समय गहरा शोक छा गया, जब काली पहाड़ी नहर में नहाने गए एक ई-रिक्शा चालक की डूबने से असमय मौत हो गई। मृतक की पहचान नयागांव निवासी राजकुमार साह के रूप में हुई है।
वह गांव में आयोजित एक श्राद्ध कर्म के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान दोपहर में वे नहर किनारे नहाने चले गए, जहां अचानक पैर फिसल जाने के कारण वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए।
जमालपुर (मुंगेर) के ईस्ट कालोनी अंतर्गत नयागांव निवासी ई-रिक्शा चालक राजकुमार साह की काली पहाड़ी नहर में डूबने से मौत
श्राद्ध कर्म के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे राजकुमार; नहाने के दौरान पैर फिसलने से गहरे पानी में समाए
मुंगेर से बुलाए गए गोताखोरों (नीतीश, हेमंत व प्रशांत) की टीम ने काफी मशक्कत के बाद नहर से बरामद किया शव
सीओ प्रीति कुमारी और ईस्ट कालोनी पुलिस ने घटनास्थल का लिया जायजा; पोस्टमार्टम के बाद सरकारी मुआवजे की प्रक्रिया शुरू होगी
जब तक आसपास मौजूद लोग स्थिति को समझकर बचाव के लिए आगे बढ़ते, तब तक राजकुमार गहरे पानी में ओझल हो चुके थे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों को सूचना दी गई।
गोताखोरों की टीम ने मशक्कत के बाद निकाला शव; 5 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
घटना की जानकारी मिलते ही अंचलाधिकारी (सीओ) प्रीति कुमारी, ईस्ट कालोनी थाना के दारोगा नवीन कुमार व जमादार राजीव कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।
नहर का पानी गहरा होने के कारण तुरंत मुंगेर से विशेषज्ञ गोताखोरों (नीतीश कुमार, हेमंत कुमार और प्रशांत कुमार) को बुलाया गया। गोताखोरों ने पानी में उतरकर काफी मशक्कत और खोजबीन के बाद शव को बाहर निकाला।
राजकुमार साह की मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे पत्नी रूबी देवी, चार बेटों (राकेश, रतन, रमन उर्फ बिट्टू, रंजन) और एक बेटी (रुक्मिणी) को छोड़ गए हैं।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा; सरकारी प्रावधानों के तहत मिलेगा मुआवजा
ईस्ट कालोनी पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर सदर अस्पताल भेज दिया है। अंचलाधिकारी प्रीति कुमारी ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद
आपदा प्रबंधन विभाग एवं सरकारी प्रावधानों के तहत मिलने वाली मुआवजा राशि के भुगतान हेतु आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी। घटना के बाद से ही नयागांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
यह भी पढ़ें- जमालपुर-रतनपुर के बीच नई सुरंग में मिला युवक का शव; सिर पर चोट के निशान से हत्या की आशंका, मुंगेर पुलिस जांच में जुटी
