विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुंगेर सदर अस्पताल में मरीज की मौत पर बवाल, परिजनों ने की तोड़फोड़

Published: Tue, 11 Aug 2026 10:48 PM (IST)

मुंगेर सदर अस्पताल की इमरजेंसी में एक मरीज की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की।

News Article Hero Image

HighLights

  1. मुंगेर सदर अस्पताल में मरीज की मौत पर हंगामा।

  2. परिजनों ने इमरजेंसी वार्ड में की तोड़फोड़।

  3. ऑक्सीजन की कमी से मौत का आरोप, पुलिस ने संभाली।

संवाद सहयोगी, मुंगेर। मॉडल सदर अस्पताल की इमरजेंसी में मंगलवार की रात लगभग साढ़े नौ बजे इलाज के दौरान एक मरीज की मौत हो गई।

मौत के बाद आक्रोशित स्वजन ने इमरजेंसी में जमकर हंगामा किया और तोड़फोड़ शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ती देख चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी इमरजेंसी छोड़कर जान बचाकर बाहर निकल गए।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की तीन गाड़ियां अस्पताल पहुंचीं और किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। मरीज सीताकुंड कल्याणक निवासी स्व. विशेश्वर यादव का पुत्र धीरज कुमार (30) था।

munger news

स्वजन के अनुसार धीरज को दो दिनों से बुखार था। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रात में अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसे इमरजेंसी में लाया गया।

स्वजन का आरोप है कि इमरजेंसी में सुई देने के बाद धीरज की हालत और गंभीर हो गई। सांस लेने में परेशानी होने पर उसे ऑक्सीजन सिलेंडर लगाया गया, लेकिन सिलेंडर में आक्सीजन नहीं थी।

ऑक्सीजन नहीं मिलने से मौत

स्वजन का दावा है कि समय पर आक्सीजन नहीं मिलने के कारण मरीज की मौत हो गई। खबर मिलते ही स्वजन का गुस्सा फूट पड़ा।

munger news

देखते ही देखते इमरजेंसी में हंगामा और तोड़फोड़ शुरू हो गई। इससे अस्पताल में इलाज करा रहे मरीजों और उनके स्वजनों में भी दहशत फैल गई। स्वास्थ्यकर्मी और डॉक्टर वहां से निकल गए।पुलिस ने पहुंचकर आक्रोशित लोगों को समझाया और स्थिति शांत कराई।

घटना के बाद अस्पताल की व्यवस्था और ऑक्सीजन आपूर्ति को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि, मरीज की मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

यह भी पढ़ें- मुंगेर: थाने से ट्रक गायब होने के मामले में एक्शन, थानाध्यक्ष समेत 3 सस्पेंड; राजेश कुमार को मिली कमान