विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुंगेर: थाने से ट्रक गायब होने के मामले में एक्शन, थानाध्यक्ष समेत 3 सस्पेंड; राजेश कुमार को मिली कमान

Published: Tue, 11 Aug 2026 07:09 PM (IST)

मुंगेर के मुफ्फसिल थाना से गिट्टी लदा ट्रक गायब होने के मामले में थानाध्यक्ष विपिन कुमार सिंह सहित तीन पुलिसकर्मी निलंबित कर दिए गए हैं।

मुफस्सिल थानाध्यक्ष विपिन कुमार सिंह। (जागरण)

मुफस्सिल थानाध्यक्ष विपिन कुमार सिंह। (जागरण)

HighLights

  1. मुंगेर में गिट्टी ट्रक गायब होने पर थानाध्यक्ष निलंबित।

  2. मुफ्फसिल थाना के पीटीसी, मुंशी भी हुए निलंबित।

  3. राजेश कुमार बने मुफ्फसिल थाना के नए थानाध्यक्ष।

संवाद सहयोगी, मुंगेर। मुफ्फसिल थाना से गिट्टी लदा ट्रक गायब होने के मामले में मुफ्फसिल थानाध्यक्ष विपिन कुमार सिंह, थाना के पीटीसी धनंजय कुमार और मुंशी अरविंद कुमार निलंबित कर दिया गया।

एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि मुख्यालय डीएसपी अरुण कुमार गुप्ता की जांच रिपोर्ट के आधार पर लापरवाही तय करते हुए मुफ्फसिल थाना के पीटीसी धनंजय कुमार, मुंशी अरविंद कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारी मुफ्फसिल थानाध्यक्ष विपिन कुमार के निलंबन की अनुशंसा डीआईजी से की गई है। साथ ही खनन विभाग के तत्कालीन खनन निरीक्षक मु. अरमान के पर कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को अनुशंसा की गई है।

Truck Case

राजेश कुमार, नए थानाध्यक्ष।

निलंबन के बाद मुफ्फसिल थाना का नया थानाध्यक्ष राजेश कुमार को बनाया गया है। जांच में यह तथ्य सामने आया कि खनन निरीक्षक द्वारा तीन जुलाई को जब्त गिट्टी लदे ट्रक की जब्ती सूची और रिसिविंग की जानकारी पीटीसी द्वारा थानाध्यक्ष को नहीं दी गई।

तीन जुलाई की सुबह थाना में मुंशी का काम कर रहे अरविंद कुमार द्वारा भी थानाध्यक्ष से जानकारी साझा नहीं की। ट्रक गायब होने के बावजूद थानाध्यक्ष ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और वरीय अधिकारियों से मामले को अवगत नहीं कराया।

जांच रिपोर्ट में थानाध्यक्ष और पीटीसी तथा मुंशी की गंभीर लापरवाही सामने आई। एसपी ने बताया कि तत्कालीन खनन निरीक्षक मु. अरमान की भी लापरवाही सामने आई है। 10 जुलाई को थाना से ट्रक गायब होने की जानकारी मिलने के बाद भी उन्होंने इस मामले को वरीय अधिकारी के संज्ञान में नहीं लाया।

एसपी ने बताया कि नए थानाध्यक्ष को 24 घंटे के अंदर मुफ्फसिल थाना में योगदान कर मुख्यालय को रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया है।

एसपी ने बताया कि थाना से गायब हुए गिट्टी लदे ट्रक की खोजबीन की जा रही है। जल्द ट्रक को भी बरामद कर लिया जाएगा।

जानकारी नहीं होने की रट लगाते रहे थानाध्यक्ष

थाना से गिट्टी लदा ट्रक मामले में मुफ्फसिल थानाध्यक्ष वरीय अधिकारियों के समक्ष भी इसकी जानकारी नहीं होने की लगातार रट लगाते रहे।

दरअसल मामला सामने आने के बाद एसपी और सदर एसडीपीओ ने मुफ्फसिल थानाध्यक्ष ने इस बारे में जानकारी ली। थानाध्यक्ष ने पहले बताया कि खनन निरीक्षक ने थाना में कोई जब्ती सूची नहीं दी और बिना रिसिविंग के गिट्टी लदा ट्रक थाना के बाहर खड़ा कर चला गया।

मीडिया ने जब्ती सूची और रिसिवंग का साक्ष्य प्रस्तुत किया तो थानाध्यक्ष द्वारा एसपी को बताया गया कि थाना के पीटीसी द्वारा जब्ती सूची रिसीव किया गया, लेकिन इसकी जानकारी पीटीसी ने उन्हें नहीं दी।

यह है पूरा प्रकरण

मुफ्फसिल थाना में तीन जुलाई 2026 को खनन निरीक्षक मु.अरमान ने बिना चालान के गिट्टी लदा ट्रक संख्या बीआर10जीडी 5005 को जब्त कर थाना के सुपुर्द किया था।

उस पर 11लाख 18 हजार रुपया जुर्माना भी लगाया था। दस जुलाई को पुन: जब खनन निरीक्षक दूसरा ट्रक जब्त कर थाना पहुंचे तो तीन जुलाई को जब्त किया ट्रक थाना से गायब पाया।

चर्चा है कि भारी भरकम जुर्माना से बचने के लिए ट्रक के आनर थाना को सहयोग में लेकर ट्रक थाना से लेकर चले गए। इसकी जानकारी वरीय अधिकारियों को नहीं देकर मामले को दबाने के प्रयास में सभी जुटे थे।

मीडिया को इसकी जानकारी होने पर दैनिक जागरण ने लगातार मामला को उजागर किया। एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यालय डीएसपी के नेतृत्व में जांच टीम गठित की।

मंगलवार को जांच रिपोर्ट समर्पित होने पर एसपी ने लापरवाही तय करते हुए मुफ्फसिल थानाध्यक्ष व पीटीसी तथा मुंशी के निलंबन की कार्रवाई की।

यह भी पढ़ें- मुंगेर : थाने से गायब हुआ गिट्टी लदा 18 चक्का ट्रक; 11 लाख का था जुर्माना, 1 माह बाद भी FIR नहीं, एक फोटो ने खोला राज