विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

70 KM का सफर खत्म: मुंगेर-खड़गपुर और तारापुर में सहकारिता दफ्तर शुरू, 6 जिलों को सीधा फायदा

Published: Mon, 21 Sep 2026 03:01 PM (IST)

मुंगेर में सहकारिता विभाग का स्वतंत्र प्रमंडलीय कार्यालय खुल गया है, जिससे अब लोगों को सहकारिता संबंधी कार्यों के लिए दूसरे शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।

भागलपुर की भागदौड़ खत्म, अब मुंगेर में ही होगा काम

भागलपुर की भागदौड़ खत्म, अब मुंगेर में ही होगा काम

HighLights

  1. मुंगेर में सहकारिता विभाग का स्वतंत्र प्रमंडलीय कार्यालय खुला।

  2. हवेली खड़गपुर, तारापुर में सहायक निबंधक की तैनाती हुई।

  3. किसानों और सहकारिता से जुड़े लोगों को स्थानीय सुविधा मिलेगी।

जागरण संवाददाता, मुंगेर। सहकारिता से जुड़े काम के लिए अब मुंगेर प्रमंडल के लोगों को दूसरे कार्यालयों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। लंबे इंतजार के बाद मुंगेर में सहकारिता विभाग का स्वतंत्र प्रमंडलीय कार्यालय अस्तित्व में आ गया है। साथ ही हवेली खड़गपुर और तारापुर में भी सहायक निबंधक की तैनाती कर दी गई है।

इससे पैक्स, व्यापार मंडल, किसानों और सहकारिता से जुड़े लोगों के काम स्थानीय स्तर पर निपटने का रास्ता साफ हो गया है। सहकारिता विभाग की अधिसूचना के अनुसार, मुंगेर स्थित प्रमंडलीय कार्यालय में संयुक्त निबंधक, सहयोग समितियां के पद पर प्रभाकर कुमार को पदस्थापित किया गया है।

हवेली खड़गपुर में सहायक निबंधक की जिम्मेदारी मीनू कुमारी और तारापुर में जितेंद्र झा को दी गई है। अब तक मुंगेर में संयुक्त निबंधक का स्वतंत्र कार्यालय नहीं होने से सहकारिता से जुड़े मामलों के लिए लोगों को दूसरे कार्यालयों का चक्कर लगाना पड़ता था।

संयुक्त निबंधक का कार्यालय और न्यायालय कार्य मुंगेर में ही संचालित होने से मुंगेर के अलावा बेगूसराय, खगड़िया, जमुई, लखीसराय और शेखपुरा के लोगों को भी सुविधा मिलेगी। अधिवक्ताओं को सहकारिता संबंधी मामलों के लिए भागलपुर जाने की जरूरत कम होगी।

40 से 70 किमी की दूरी होगी कम

भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के जिला संयोजक अधिवक्ता दीपक कुमार ने बताया कि खड़गपुर कार्यालय से आसपास के लोगों की मुंगेर तक करीब 40 किलोमीटर की दौड़ बचेगी। तारापुर कार्यालय शुरू होने से करीब 70 किलोमीटर दूर मुंगेर आने की परेशानी कम होगी। बांका सीमा से जुड़े क्षेत्रों को भी इसका लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि स्थानीय कार्यालय खुलने से शिकायतों का निपटारा और सहकारिता संबंधी कार्य तेजी से होंगे। इसे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम बताया।

यह भी पढ़ें- PM Surya Ghar Muft Bijli Yojana : सोलर पैनल लगाने पर मिलेंगे 98 हजार रुपये; मुंगेर में 6188 घरों का लक्ष्य, सब्सिडी भी