PM Surya Ghar Muft Bijli Yojana : सोलर पैनल लगाने पर मिलेंगे 98 हजार रुपये; मुंगेर में 6188 घरों का लक्ष्य, सब्सिडी भी
PM Surya Ghar Muft Bijli Yojana केंद्र सरकार की 'प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' के तहत मुंगेर में रूफटॉप ...और पढ़ें

PM Surya Ghar Muft Bijli Yojana मुंगेर में फ्री बिजली का नया प्लान! 6188 घरों की छतों पर लगेंगे सोलर पैनल, केंद्र और राज्य मिलकर देंगे भारी सब्सिडी
HighLights
मुंगेर में पीएम सूर्य घर योजना के तहत प्रक्रिया तेज।
केंद्र और बिहार सरकार से कुल 98 हजार रुपये सब्सिडी।
जिले में 6188 घरों पर सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य।
संवाद सूत्र, मुंगेर। PM Surya Ghar Muft Bijli Yojana केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी 'प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' के तहत मुंगेर जिले में घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर पैनल लगाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। योजना का मुख्य उद्देश्य आम उपभोक्ताओं को अपनी बिजली की जरूरतों के लिए सौर ऊर्जा के जरिए आत्मनिर्भर बनाना और बिजली बिल के बोझ से मुक्ति दिलाना है।
इस योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि केंद्र सरकार की तय सब्सिडी के अलावा अब बिहार सरकार ने भी अपनी ओर से अतिरिक्त राज्य अनुदान (सब्सिडी) देने की घोषणा कर दी है, जिससे उपभोक्ताओं पर आर्थिक भार नाममात्र का रह जाएगा।
योजना के वित्तीय प्रारूप के तहत केंद्र सरकार द्वारा 1 किलोवाट के सौर संयंत्र पर 30 हजार रुपये, 2 किलोवाट पर 60 हजार रुपये और 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के संयंत्र पर अधिकतम 78 हजार रुपये की प्रत्यक्ष सहायता राशि दी जा रही है।
वहीं, राज्य सरकार की नई घोषणा के अनुसार 1 किलोवाट क्षमता पर 10 हजार रुपये और 3 किलोवाट तक की क्षमता पर अधिकतम 20 हजार रुपये की अतिरिक्त सब्सिडी दी जाएगी। यानी 3 किलोवाट का रूफटॉप सिस्टम लगाने पर उपभोक्ता को कुल 98 हजार रुपये का अनुदान प्राप्त होगा।
जिले के चारों अनुमंडलों में 6188 घरों का लक्ष्य तय
जिले में योजना को समयबद्ध ढंग से धरातल पर उतारने के लिए विद्युत आपूर्ति प्रमंडल ने सभी संबंधित कनीय अभियंताओं (जेई) को दिसंबर तक का स्पष्ट लक्ष्य सौंपा है। पूरे मुंगेर जिले में कुल 6188 घरों की छतों पर सौर संयंत्र स्थापित किए जाने हैं।
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत मुंगेर जिले में 6188 घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने का लक्ष्य निर्धारित
केंद्र सरकार 3 किलोवाट पर दे रही ₹78 हजार, जबकि बिहार सरकार की ओर से मिलेगा ₹20 हजार का अतिरिक्त अनुदान
दिसंबर तक लक्ष्य हासिल करने के लिए विद्युत विभाग ने तय किया साप्ताहिक कोटा, हर हफ्ते 441 घरों को जोड़ा जाएगा
राष्ट्रीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे उपभोक्ता; कार्यपालक अभियंता बोले- डीएम को भेजी जा रही दैनिक रिपोर्ट
विभागीय आंकड़ों के अनुसार, मुंगेर अनुमंडल क्षेत्र में कुल 1990 घरों को योजना से आच्छादित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें मुंगेर शहर के बड़ी बाजार क्षेत्र के लिए 600, लाल दरवाजा क्षेत्र के लिए 800, पुरानीगंज शहरी क्षेत्र के लिए 342 और पुरानीगंज ग्रामीण क्षेत्र के लिए 248 घरों का कोटा तय किया गया है। इसके अलावा जमालपुर अनुमंडल में 1743, तारापुर अनुमंडल में 1349 तथा हवेली खड़गपुर अनुमंडल में 1106 घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य निर्धारित हुआ है।
हर हफ्ते 441 घरों को जोड़ने का साप्ताहिक रोडमैप
अभियान में तेजी बनाए रखने के लिए बिजली विभाग ने पूरे लक्ष्य को साप्ताहिक आधार पर विभाजित किया है। तय रोडमैप के अनुसार जिले भर में प्रत्येक सप्ताह 441 नए घरों को इस योजना से जोड़ा जाएगा।
इसके तहत मुंगेर अनुमंडल में प्रति सप्ताह 142 घर, जमालपुर अनुमंडल में 124 घर, तारापुर अनुमंडल में 96 घर और हवेली खड़गपुर में प्रत्येक सप्ताह 79 घरों को लाभान्वित करने की जिम्मेदारी संबंधित कनीय अभियंताओं को दी गई है।
"प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को दिसंबर तक शत-प्रतिशत पूरा करने के लिए कनीय अभियंताओं को क्षेत्रवार दायित्व सौंपे गए हैं। योजना की प्रगति की दैनिक रिपोर्ट सीधे जिलाधिकारी को भेजी जा रही है। उपभोक्ता योजना के आधिकारिक राष्ट्रीय पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। संयंत्र की स्थापना और नेट मीटरिंग के सत्यापन के बाद केंद्र व राज्य सरकार की संयुक्त सब्सिडी सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी जाएगी।"
