मुंगेर में चक्रवाती बारिश का कहर: 34 हजार हेक्टेयर में लगी धान की फसल पर आफत, रबी की बोआई भी पिछड़ी
मुंगेर में चक्रवाती वर्षा ने किसानों की खरीफ फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है, जिससे धान की कटाई और उपज सुरक्षित रखने में बाधा आ रही है।

मुंगेर में चक्रवाती बारिश का कहर (जागरण फोटो)
HighLights
चक्रवाती वर्षा से धान की खड़ी फसल गिरने का खतरा।
कटी हुई धान की उपज खेतों में भीग रही, गुणवत्ता प्रभावित।
रबी फसलों की बोआई में देरी, मसूर-चना की बुवाई रुकी।
जागरण संवाददाता, मुंगेर। किसानों के खेतों में सालभर की मेहनत अब फसल बनकर तैयार है। कहीं धान की कटाई चल रही है तो कहीं उपज को खेतों में सुखाकर घर लाने की तैयारी है। ऐसे समय में दो दिनों से हो रही चक्रवाती वर्षा ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फेरना शुरू कर दिया है।
पिछले दो दिनों से धूप गायब है और रुक-रुककर हो रही वर्षा के साथ तेज हवा ने खेतों में खड़ी धान की फसल को गिरने का खतरा बढ़ा दिया है। वहीं, कटाई के बाद खेतों में रखी धान की उपज भी भीग रही है।
लगातार नमी और धूप नहीं निकलने से अनाज की गुणवत्ता प्रभावित होने के साथ बाजार में उचित कीमत मिलने पर भी असर पड़ सकता है। मुसीबत सिर्फ खरीफ फसल तक सीमित नहीं है। रबी फसलों की बोआइ का समय भी निकलता जा रहा है।
मसूर और चना की बोआई के लिए खेत तैयार करने में बारिश बाधा बन रही है। खेतों में नमी अधिक होने से जुताई और बोआई का काम रुक सकता है। गेहूं की बोआइ भी निर्धारित समय से पिछड़ने की आशंका है। इस तरह मौसम की मार से किसानों के सामने एक साथ दोहरी चुनौती खड़ी हो गई है।
जिले में औसत 25.47 मिमी वर्षा
रविवार को जिले के सभी नौ प्रखंडों में वर्षा दर्ज की गई। वर्षा मापक केंद्रों के आंकड़ों के अनुसार, 22 नवंबर को जिले में औसतन 25.47 मिलीमीटर हुई। असरगंज में सर्वाधिक 49.8 मिलीमीटर और तारापुर में 45.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
टेटिया बंबर में 26.4, हवेली खड़गपुर में 23.8, सदर मुंगेर में 20.6, बरियारपुर में 18.2, धरहरा में 16.2, जमालपुर में 14.4 और संग्रामपुर में 14.2 मिलीमीटर बारिश हुई। कई इलाकों में खेतों में पानी जमा होने से फसल बचाने की चिंता बढ़ गई है।
34 हजार हेक्टेयर से अधिक में धान की खेती
कृषि विभाग के आंकड़ों के अनुसार, खरीफ मौसम में जिले में 36,843.57 हेक्टेयर में धान की खेती का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसकी तुलना में 34,489.60 हेक्टेयर में धान का आच्छादन हुआ। लक्ष्य का 93.61 प्रतिशत हासिल किया गया।
हवेली खड़गपुर में सर्वाधिक 9,717.20 हेक्टेयर में धान की खेती हुई है। संग्रामपुर में 5,450, तारापुर में 4,795, धरहरा में 4,625, असरगंज में 4,450 और टेटियाबंबर में 4,004.40 हेक्टेयर में धान की फसल लगी है।
जमालपुर में 549, बरियारपुर में 861 और सदर मुंगेर में 38 हेक्टेयर में धान की खेती हुई है। इतने बड़े रकबे में लगी फसल अब पककर तैयार होने के दौर में है। ऐसे में बारिश और हवा का असर उत्पादन पर पड़ने की आशंका है। खेतों में खड़ी फसल गिरने से बालियों के दाने प्रभावित हो सकते हैं।
वहीं, कटी फसल के भीगने से अनाज में नमी बढ़ेगी। नमी अधिक रहने पर धान का भंडारण और बिक्री दोनों मुश्किल हो सकते हैं। वहीं पिछले वर्ष लगभग 49 हजार हेक्टेयर लक्ष्य था, इस बार अभी जिला स्तर लक्ष्य निर्धारित नहीं किया गया है।
मसूर-चना की बोआइ का समय निकलने का खतरा
खरीफ फसल के साथ रबी की खेती का कैलेंडर भी गड़बड़ा रहा है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार मसूर और चना की बोआइ का अंतिम समय चल रहा है। वर्षा के कारण खेतों में अधिक नमी रहने से किसान समय पर जुताई नहीं कर पा रहे हैं।
खेत तैयार होने में देरी हुई तो बोआई भी पिछड़ सकती है। गेहूं की खेती के लिए भी खेत तैयार करने में परेशानी होगी। देर से बोआई होने पर फसल की बढ़वार और संभावित उत्पादन पर असर पड़ सकता है।
फसल बचाने के लिए किसान क्या करें?
कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय कृषि विज्ञानी प्रो. मुकेश कुमार ने बताया कि वर्षा और हवा से पककर तैयार धान की फसल गिर सकती है। किसानों को कटी हुई फसल को खेतों में खुले में छोड़ने के बजाय सुरक्षित और ऊंचे स्थान पर रखना चाहिए। मौसम साफ होने पर धान को अच्छी तरह सुखाकर ही भंडारण करें।
खेतों में पानी जमा होने पर जलनिकासी की व्यवस्था करें। वहीं रबी फसलों की बोआइ के लिए खेत से अतिरिक्त नमी निकलने का इंतजार करें। पर्याप्त नमी कम होने के बाद ही खेत की जुताई और बोआई करें। उर्वरक एवं बीज का प्रयोग कृषि विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार करें।
मौजूदा मौसम खरीफ और रबी दोनों फसलों के लिए चुनौतीपूर्ण है। किसानों को तैयार धान की उपज सुरक्षित रखने के साथ रबी फसलों की समय पर बोआई के लिए मौसम साफ होते ही खेत तैयार करने पर ध्यान देना चाहिए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।