विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

15 रुपये का पौधा और 9 महीने में फसल तैयार, मुंगेर में केले की खेती से सालाना 1.5 लाख तक कमा सकते हैं किसान

Published: Fri, 20 Nov 2026 07:00 AM (GMT+05:30)

Banana Farming: मुंगेर के किसान पारंपरिक खेती छोड़कर केला की खेती से सालाना लाखों रुपये कमा सकते हैं। 

एआई के माध्यम से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर।

एआई के माध्यम से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर।

HighLights

  1. केला की खेती से सालाना लाखों की कमाई संभव।

  2. मुंगेर में केला खेती के लिए उपयुक्त जमीन, वातावरण।

  3. हाइब्रिड जी-9 किस्म 9 महीने में देती है फसल।

संवाद सहयोगी, मुंगेर। केला एक पौष्टिक फल की श्रेणी में आता है जिसमें कार्बोहाइड्रेट, पोटेशियम, कैल्शियम, फास्फोरस सहित अन्य विटामिन पाए जाते हैं। केला की बाजार में बहुत ज्यादा डिमांड भी है।

केला की खेती के लिए मुंगेर जिला में उपयुक्त जमीन और वातावरण है। एक बीघा में केला की खेती कर किसान एक साल में एक से डेढ़ लाख रुपया तक की कमाई कर सकते हैं।

कृषि विज्ञान केन्द्र के वरीय कृषि विज्ञानी मुकेश कुमार बताते हैं कि जिले के किसान धान और गेहूं की पारंपरिक खेती छोड़ कर केला की खेती करें तो अच्छी खासी आमदनी प्राप्त कर सकते हैं।

कृषि विज्ञानी की मानें तो केला की हाईब्रिड वेराइटी जी-9 का पौधा जो 15 रुपया में मिलता है, और 9 महीना में फसल दे देता है।

बाजार में केला की बढ़ती डिमांड को देखते हुए किसानों को केला की खेती के लिए कृषि विज्ञान केन्द्र द्वारा जागरूक भी किया जाता है।

जिला में केला की खेती के लिए पर्याप्त मिट्टी और वातावरण है। जल जमाव वाले खेतों को छोड़ कर उपरी हिस्से में केला की खेती किसान कर सकते हैं।

सदर प्रखंड के उपरी हिस्से के अलावा जमालपुर, धरहरा, खड़गपुर, संग्रामपुर, टेटिया बंबर और तारापुर में पानी का जमाव नहीं होने वाले खेतों में किसान आराम से केला की खेती कर अच्छी आमदनी प्राप्त कर सकते हैं।

केला की खेती के लिए जलवायु और मिट्टी

कृषि विज्ञान केन्द्र के कृषि विज्ञानी की मानें तो केला की खेती के लिए उष्ण एवं उपोष्ण जलवायु के साथ 20 से 35 डिग्री तापमान उपयुक्त है।

जैविक पदार्थ से भरपूर दोमट मिट्टी जहां पानी जमाव नहीं हो, और जल निकासी की व्यवस्था हो, वैसी जमीन पर केला की खेती की जा सकती है।

केला की फसल लगाने का उचित समय मार्च से जुलाई तक है। केला के हाईब्रिड किस्म जी-9, इवार्फ कैंबेडिश, रोबस्टा, मालभोग, बसराई और चिनिया केला का फल रोपाई के नौ महीने बाद तैयार हो जाता है।

खाद एवं उर्वरक प्रबंधक

केला की रोपाई के पूर्व किसानों को खेत की दो से तीन बार जुताई कर समतल बनाने के बाद जल निकासी के लिए नालनी बना लेना चाहिए। इसके बाद कम से कम डेढ़ मीटर या दो मीटर की दूरी पर केला के पौधे की रोपाई करनी चाहिए।

एक हेक्टेयर में 25 सौ से 35 सौ पौधे किसान लगा सकते हैं।पौधा लगाने के पश्चात सिंचाई कर दें। कृषि विशेषज्ञ की सलाह के आधार पर खेतों की सिंचाई के साथ गोबर खाद, नाइट्रोजन, फास्फोरस, पोटाश का प्रयोग किसान करें।

यह भी पढ़ें- हाजीपुर में बारिश-जलजमाव से बर्बाद हुई केले की फसल, छठ से पहले ₹1000 तक पहुंचा घौद

केला की बाजार में बहुत ज्यादा डिमांड है। मुंगेर में केला की खेती के लिए अनुकूल वातावरण और खेत की मिट्टी है। पड़ोसी जिला खगड़िया, नवगछिया में किसान केला की खेती कर रहे हैं। मुंगेर के किसान भी केला की खेती कर अच्छी आमदनी प्राप्त कर सकते हैं। 

-

मुकेश कुमार, वरीय कृषि विज्ञानी, कृषि विज्ञान केन्द्र, मुंगेर।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।