मुंगेर में विश्वकर्मा पूजा का प्रसाद खाते ही बिगड़ी तबीयत, इंजीनियरिंग कॉलेज की 24 छात्राएं अस्पताल में भर्ती, उठे कई सवाल
Munger Engineering College Vishwakarma Puja Prasad Food Poisoning: मुंगेर के राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में विश्वकर्मा पूजा का प्रसाद खाने के ...और पढ़ें

मुंगेर सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती बीमार इंजीनियरिंग कॉलेज की छात्राएं।
HighLights
राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में 24 छात्राएं बीमार पड़ीं।
विश्वकर्मा पूजा का प्रसाद खाने के बाद तबीयत बिगड़ी।
सभी छात्राओं को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
संवाद सहयोगी, मुंगेर। मुंगेर स्थित राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा सामने आया, जहां विश्वकर्मा पूजा का प्रसाद खाने के बाद दो दर्जन से अधिक (24) छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई।
हॉस्टल में रह रही छात्राओं को एक के बाद एक लगातार उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते कॉलेज परिसर में हड़कंप और अफरातफरी का माहौल कायम हो गया। छात्राओं की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए कॉलेज प्रशासन और सहयोगियों द्वारा आनन-फानन में सभी बीमार छात्राओं को इलाज के लिए मुंगेर सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
मुंगेर इंजीनियरिंग कॉलेज में विश्वकर्मा पूजा का प्रसाद खाने के बाद अचानक दो दर्जन (24) से अधिक छात्राओं की तबीयत बिगड़ी
एक के बाद एक छात्राओं को उल्टी और दस्त की शिकायत, कॉलेज परिसर व हॉस्टल में मची अफरातफरी
सदर अस्पताल की इमरजेंसी में आनन-फानन में कराया गया भर्ती; डॉ. फैज और डॉ. शशांक की टीम ने शुरू किया तत्काल इलाज
प्राथमिक उपचार के बाद सभी छात्राओं की हालत खतरे से बाहर; भोजन की गुणवत्ता और फूड प्वाइजनिंग को लेकर उठे गंभीर सवाल
-1789751247944.webp)
सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में एक साथ 24 छात्राओं के गंभीर स्थिति में पहुंचने से स्वास्थ्य महकमे और चिकित्सकों के बीच भी हड़कंप मच गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए ड्यूटी पर तैनात डॉ. फैज ने तुरंत मोर्चा संभाला और स्थिति को संभालने के लिए अतिरिक्त चिकित्सक डॉ. शशांक को भी ड्यूटी पर लगाया।
डॉक्टरों की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए सभी छात्राओं का प्राथमिक उपचार और सलाइन चढ़ाने की प्रक्रिया शुरू की। चिकित्सकों के अनुसार प्राथमिक उपचार के बाद फिलहाल सभी छात्राओं की स्थिति सामान्य और नियंत्रण में बताई जा रही है।
साक्षी, शिवाज्ञी, अन्नू समेत 24 छात्राएं भर्ती, प्रसाद खाते ही बिगड़ी तबीयत
बीमार पड़ने वाली छात्राओं में साक्षी कुमारी, शिवाज्ञी कुमारी, अन्नू कुमारी, फौजिया कुमारी, ज्योति कुमारी, अर्पिता कुमारी, अनमोल कुमारी, जानवी कुमारी और कंचन कुमारी सहित कुल 24 छात्राएं शामिल हैं।
-1789752060957.webp)
अस्पताल में उपचाराधीन छात्राओं ने बताया कि कॉलेज परिसर में आयोजित विश्वकर्मा पूजा का प्रसाद ग्रहण करने के कुछ ही देर बाद उनके पेट में तेज दर्द और ऐंठन शुरू हुई। इसके बाद अचानक उल्टी और दस्त होने लगे। देखते ही देखते एक-एक कर हॉस्टल की दर्जनों छात्राएं इसकी चपेट में आती चली गईं।
फूड प्वाइजनिंग की आशंका से उठे सवाल, जांच में जुटा प्रशासन
पूजा का प्रसाद खाने के तुरंत बाद इतनी बड़ी संख्या में छात्राओं के एक साथ बीमार पड़ने से प्रसाद और भोजन की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रथम दृष्टया इसे फूड प्वाइजनिंग (Food Poisoning) का मामला माना जा रहा है।
हालांकि, अस्पताल प्रशासन का कहना है कि खाद्य पदार्थों के सैंपल की जांच और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी के वास्तविक कारणों का पूरी तरह से खुलासा हो सकेगा। फिलहाल सभी छात्राएं चिकित्सकों की देखरेख में हैं और स्थिति खतरे से बाहर है।
