विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुंगेर में कोर्ट मैरिज का बढ़ा चलन, 10 माह में 42 जोड़ों ने रचाया विवाह

Published: Mon, 23 Nov 2026 06:42 PM (IST)

मुंगेर में निबंधन कार्यालय में विवाह करने वाले जोड़ों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जहां 2026 में अक्टूबर तक 42 जोड़े शादी के बंधन में बंधे।  

शादी की सांकेतिक तस्वीर

शादी की सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. मुंगेर में निबंधन कार्यालय में विवाह में 44.83% वृद्धि।

  2. शादी के बाद विवाह पंजीकरण में 29.21% की तेजी।

  3. सरकारी कार्यों हेतु विवाह प्रमाणपत्र की बढ़ती जागरूकता।

कामेश, मुंगेर। शादी के लिए अब भव्य समारोह और तामझाम ही एकमात्र विकल्प नहीं रह गया है। कई जोड़े सीधे निबंधन कार्यालय पहुंचकर विवाह के बंधन में बंध रहे हैं।

मुंगेर जिला निबंधन कार्यालय के आंकड़े बताते हैं कि कार्यालय में विवाह संपन्न कराने वाले जोड़ों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

वर्ष 2024 में जहां 26 जोड़ों ने निबंधन कार्यालय में विवाह किया था। वहीं 2025 में यह संख्या बढ़कर 29 हो गई। वर्ष 2026 में 31 अक्टूबर तक ही 42 जोड़े यहां विवाह कर चुके हैं।

निबंधन कार्यालय में विवाह कराने के आंकड़ों में इस वर्ष उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2025 में पिछले साल की तुलना में तीन अधिक जोड़ों ने विवाह किया था।

यह 11.54 प्रतिशत की वृद्धि थी। वहीं, वर्ष 2026 के पहले 10 महीनों में ही 42 जोड़ों ने कार्यालय में विवाह किया।

यह पिछले पूरे वर्ष के 29 विवाह से 13 अधिक है। प्रतिशत के लिहाज से इसमें 44.83 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। अभी वर्ष के दो महीने शेष हैं। ऐसे में सालाना आंकड़ा और बढ़ने की संभावना है।

शादी के बाद बढ़ी जागरुकता

पारंपरिक तरीके से शादी करने के बाद विवाह का पंजीकरण कराने वालों की संख्या में भी इस वर्ष तेजी आई है। वर्ष 2024 में 224 जोड़ों ने विवाह निबंधन कराया था। वर्ष 2025 में यह आंकड़ा घटकर 202 रह गया। यानी पिछले वर्ष 22 कम निबंधन हुए और 9.82 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

हालांकि, वर्ष 2026 में 31 अक्टूबर तक ही 261 जोड़े विवाह का पंजीकरण करा चुके हैं। यह पिछले पूरे वर्ष की तुलना में 59 अधिक है। इसमें 29.21 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

सरकारी कामों में जरूरी है प्रमाणपत्र

विवाह निबंधन प्रमाणपत्र पति-पत्नी के वैवाहिक संबंध का आधिकारिक दस्तावेज है। पासपोर्ट, वीजा, बैंकिंग, बीमा और अन्य सरकारी प्रक्रियाओं में इसकी जरूरत पड़ती है।

वैवाहिक संबंध से जुड़े कानूनी अधिकारों और भविष्य की औपचारिकताओं के लिए भी यह महत्वपूर्ण है। ऐसे में शादी के बाद विवाह निबंधन कराने के प्रति बढ़ती जागरूकता भी आंकड़ों में दिखाई दे रही है।

निबंधन कार्यालय में विवाह संपन्न कराने वाले जोड़े

वर्ष जोड़ों की संख्या पिछले वर्ष के मुकाबले बदलाव
2024 26 —
2025 29 11.54% वृद्धि
2026 (31 अक्टूबर तक) 42 44.83% वृद्धि

शादी के बाद विवाह निबंधन कराने वाले जोड़े

वर्ष निबंधन कराने वाले जोड़े पिछले वर्ष के मुकाबले बदलाव
2024 224 —
2025 202 9.82% गिरावट
2026 (31 अक्टूबर तक) 261 29.21% वृद्धि

2026 में 31 अक्टूबर तक निबंधन कार्यालय में विवाह कराने वालों की संख्या पिछले पूरे वर्ष से 44.83 प्रतिशत अधिक है। वहीं, शादी के बाद निबंधन कराने वालों की संख्या में 29.21 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।