मुंगेर में बरात से लौट रही बस-कार की आमने-सामने टक्कर, 1 की मौत और 10 घायल; 7 KM लंबा जाम
मुंगेर के श्रीकृष्ण सेतु पर बस और कार की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। इस भीषण हादसे में बस में सवार नौ यात्री घायल हो गए, जिनमें मृतक के पिता गंभीर रूप से जख्मी हैं।

मुंगेर के श्रीकृष्ण सेतु पर बस-कार की आमने-सामने टक्कर (जागरण फोटो)
HighLights
श्रीकृष्ण सेतु पर बस-कार की भीषण टक्कर हुई।
कार सवार एक युवक की मौके पर मौत हो गई।
बस के नौ यात्री घायल, एक की हालत गंभीर।
संवाद सहयोगी, मुंगेर। श्रीकृष्ण सेतु पर शुक्रवार की सुबह तेज शादी समारोह से लौट रही बस और कार के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखचे उड़ गए और बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई।
हादसे में कार सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि बस में सवार नौ लोग घायल हो गए। घायलों में कार सवार मरने वाले के पिता की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद पुल पर अफरा-तफरी मच गई। बस में सवार यात्री अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। वहीं, कार में फंसे पिता-पुत्र को बाहर निकालने के लिए लोगों को मशक्कत करनी पड़ी।

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सक ने वैशाली जिले के करताहा थाना क्षेत्र के गुरामिहा निवासी आकाश कुमार (35) को मृत घोषित कर दिया। हादसे में उनके पिता अमरेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।दोनों कार से भागलपुर जा रहे थे, कार बेटा चला रहा था।
हादसे की खबर मिलते ही स्वजन में कोहराम मच गया। जिस परिवार में शादी समारोह से लौटने की खुशी थी, वहां अचानक मातम पसर गया। सभी को इलाज के लिए पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया।

शादी से लौट रही बस में मची चीख-पुकार
बस में सवार खगड़िया जिले के विशनपुर गांव के मनीष कुमार, कारी नाव और मिथुन कुमार सहित अन्य लोगों ने बताया कि गांव के कालीचरण चौधरी के पुत्र सोनू चौधरी के बेटे की शादी थी। सभी लोग सिंघिया से बारात में शामिल होकर वापस लौट रहे थे।
अहले सुबह होने के कारण बस में अधिकांश यात्री गहरी नींद में सो रहे थे। इसी दौरान श्रीकृष्ण सेतु पर सामने से आ रही कार से बस की जोरदार टक्कर हो गई। बस में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री चोटिल होकर अपनी सीटों पर ही गिर पड़े।
इधर, हादसे की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाने की पुलिस और यातायात पुलिस के दारोगा तारकेश्वर प्रसाद दल-बल के साथ पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया।
सात किमी तक लगा है लंबा जाम
हादसे के बाद श्रीकृष्ण सेतु पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सेतु से तेलिया तालाब तक लगभग सात किमी तक वाहन खड़े है। पुल से दोनों वाहनों को हटा दिया गया है। आवगमन बहाल के लिए पुलिस मशक्क्त कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।