विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 05, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

LJP सांसद वीणा देवी का एेलान- हर हाल में मैं मुंगेर से ही लड़ूंगी चुनाव

By Kajal KumariEdited By:
Published: Fri, 05 Oct 2018 09:51 AM (IST)Updated: Fri, 05 Oct 2018 11:12 PM (IST)

लोजपा सांसद वीणा देवी ने कहा है कि कुछ भी हो मैं मुंगेर सीट से ही लोकसभा चुनाव लड़ूंगी। अगर पार्टी ने मुझे टिकट नहीं दिया तो निर्दलीय चुनाव लड़ूंगी।

LJP सांसद वीणा देवी का एेलान- हर हाल में मैं मुंगेर से ही लड़ूंगी चुनाव
LJP सांसद वीणा देवी का एेलान- हर हाल में मैं मुंगेर से ही लड़ूंगी चुनाव

मुंगेर [जेएनएन]। लोजपा सांसद वीणा देवी ने कहा है कि हर हाल में मैं मुंगेर से ही चुनाव लड़ूंगी। अगर पार्टी से यहां का टिकट नहीं मिल पाया तो वे निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरेंगी लेकिन मुंगेर से ही चुनाव लड़ेंगी।

सांसद ने कहा कि मुंगेर की जनता उन्हें पसंद करती है और वहां के मतदाता की मांग है कि वे उनका प्रतिनिधित्व करें। वेदांता अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद सांसद ने दूरभाष पर जागरण को बताया कि अगर एनडीए में रहना लोजपा की मजबूरी है, तो वह रहे। लेकिन वह अपनी सीट छोड़ने की स्थिति में नहीं हैं।

लोजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व सांसद सूरज सिंह उर्फ सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी ने कहा कि चुनाव जीतने के बाद वे पुन: लोजपा में ही शामिल होंगी और एनडीए का समर्थन करेंगी।  

जदयू के एनडीए में आने के बाद मुंगेर सीट पर चर्चा 

जदयू के एनडीए में शामिल होने के बाद से मुंगेर की सीट हॉट केक बन गई है। चर्चा है कि जदयू नेता और राज्य सरकार में जल संसाधन मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह यहां से चुनाव लड़ना चाहते हैं। ललन सिंह के चुनाव लड़ने की चर्चा के बीच वीणा देवी का मुंगेर से टिकट कटना तय माना जा रहा है।

इससे पहले भी लोजपा सांसद वीणा देवी ने कहा था कि वह 2019 में मुंगेर सीट से ही चुनाव लड़ेंगी। वे मुंगेर सीट छोड़ने वाली नहीं हैं। गठबंधन जदयू के लिए मजबूरी है, भाजपा के लिए नहीं। गठबंधन टूटे तो टूटे।