मुंगेर में बदहाल हुआ 40 गांवों का जीवनदाता 'खैराती डांड', 10 साल से सिंचाई ठप; बोरिंग के भरोसे किसान
मुंगेर में 40 गांवों की जीवनरेखा खैराती डांड नहर 8-10 वर्षों से बदहाल है, जिससे सिंचाई बाधित है। किसान बोरवेल पर निर्भर हैं, जिससे खेती की लागत बढ़ रही है और मुनाफ़ा घट रहा है, प्रशासन से मरम्मत की मांग की गई है।

मुंगेर में बदहाल हुआ 40 गांवों का जीवनदाता खैराती डांड (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
खैराती डांड नहर 8-10 वर्षों से अवरुद्ध, सिंचाई ठप।
जलकुंभी, कचरा, अतिक्रमण से पानी का प्रवाह बाधित।
किसान बोरिंग पर निर्भर, लागत बढ़ी, मुनाफ़ा घटा।
संवाद सहयोगी, असरगंज (मुंगेर)। कभी बदुआ नदी का पानी खेतों तक पहुंचाकर 40 गांवों के किसानों की सिंचाई का सहारा बनने वाला खैराती डांड आज बदहाली का शिकार है। करीब आठ-दस वर्षों से नाले का प्रवाह बाधित है।
जलकुंभी, मिट्टी, कचरे और अतिक्रमण ने सिंचाई का रास्ता बंद कर दिया है। नतीजतन, धान से लेकर रबी, सरसों और अरहर की खेती करने वाले किसानों को बोरिंग पर निर्भर रहना पड़ रहा है। इससे खेती की लागत बढ़ रही है और मुनाफा घट रहा है।
पानी खेतों तक नहीं पहुंच पा रहा
बताते चले कि खैराती डांड से असरगंज बस स्टैंड होते हुए रामानंद पारसी राम उच्च विद्यालय के रास्ते खेतों तक बदुआ नदी का पानी पहुंचता था। किसान इसी पानी से आसानी से पटवन करते थे और फसल की अच्छी पैदावार होती थी। अब नाले के कई हिस्से अवरुद्ध होने से पानी खेतों तक नहीं पहुंच पा रहा है।
किसान रोहित कुमार, अभिषेक कुमार, पंकज कुमार, निराला, सुजीत कुमार, नीरज कुमार, रमांशु कुमार और दीपक साह ने विजय साह बताया कि नाले की सफाई और मरम्मत नहीं होने से परेशानी बढ़ी है। स्थानीय स्तर पर अतिक्रमण और कचरा जमा होने से जलप्रवाह बाधित है।
किसानों ने मुख्यमंत्री, अनुमंडल पदाधिकारी और लघु सिंचाई विभाग ने आवेदन देकर नाले की मरम्मत तथा पानी का प्रवाह बहाल करने की मांग की है।
खैराती डांड में जगह-जगह अतिक्रमण और कचरा जमा होने से बरुआ नदी के पानी का प्रवाह बाधित हो गया है। पहले इसी नाले से खेतों तक आसानी से पानी पहुंचता था, लेकिन अब किसान सिंचाई के लिए परेशान हैं। प्रशासन को जल्द सफाई और मरम्मत करानी चाहिए। - पंकज कुमार दास
पहले खैराती डांड से बदुआ नदी का पानी खेतों तक पहुंचता था, जिससे सिंचाई आसानी से होती थी और फसलों की अच्छी पैदावार मिलती थी। पिछले कई वर्षों से नाले की सफाई और मरम्मत नहीं होने के कारण पानी का प्रवाह पूरी तरह बाधित है। - नीरज कुमार
खैराती डांड की नियमित सफाई और मरम्मत नहीं होने से किसानों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। नाले में जलकुंभी और कचरा जमा रहने से बदुआ नदी का पानी खेतों तक नहीं पहुंच पा रहा है। प्रशासन को जल्द इस समस्या का स्थायी समाधान करना चाहिए। - विजय साह
खैराती डांड से पानी का प्रवाह बंद होने के कारण रबी, सरसों और अरहर की फसलों की सिंचाई के लिए बोरिंग का सहारा लेना पड़ता है। इससे डीजल और बिजली पर अतिरिक्त खर्च बढ़ रहा है। खेती की लागत बढ़ने से किसानों का मुनाफा लगातार घट रहा है। - रंजीत कुमार
डांड किसानों के लिए उपयोगी बन सके इसके लिए लघु सिचाई विभाग के पदाधिकारी से लगातार संपर्क किया जा रहा है। करीब 15 दिन पूर्व तारापुर लघु सिंचाई विभाग के अधिकारी खैराती डांड की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे थे। जल्द ही नाले की सफाई, मरम्मत और अतिक्रमण हटने की उम्मीद है। ताकि किसानों बरुआ नदी का पानी फिर खेतों तक पहुंच सके। - राजेंद्र चौधरी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी