मुंगेर में बाढ़ से निपटने की तैयारी में जुटा प्रशासन
बाढ़ के समय आवश्यक सामानों की खरीदारी के लिए चल रही टेंडर की प्रक्रिया संवाद सहयोगी म
बाढ़ के समय आवश्यक सामानों की खरीदारी के लिए चल रही टेंडर की प्रक्रिया
संवाद सहयोगी, मुंगेर :
मुंगेर । जिला में बाढ़ एवं सुखाड़ की समस्या से निपटने को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई है। जिले के सभी प्रखंडों में वर्षा मापक यंत्र कार्य कर रहा है।
नियमित तौर पर वर्षा के आंकड़ों का संग्रहण किया जा रहा है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों एवं संकटग्रस्त व्यक्ति के समूहों की पहचान कर नजरी नक्शा तैयार किया गया है।
जिला में कृषि पदाधिकारी द्वारा प्रखंडवार आकस्मिक फसल योजना तैयार किया गया है। वहीं, संभावित बाढ़ आपदा से निपटने के लिए 45 सरकारी नाव उपलब्ध है। बाढ़ से निपटने के लिए जनरेटर, पेट्रोमैक्स, महाजाल, टेंट, सत्तू, नमक, चूड़ा, गुड़, किरासन तेल के स्टोर करने की तैयारी चल रही है।
इसके अलावा जिला में पॉलिथीन सीट और मानव दवा के तौर पर सर्पदंश, केलोरिन टेबलेट, ओआरएस, हैलोजन टेबलेट, एंटीबायोटिक, ब्लीचिग पाउडर आदि उपलब्ध है।
पशु के लिए 35 प्रकार की दवा उपलब्ध रहने के साथ ही नौ प्रखंडों में 21 पशु राहत शिविर स्थल चिह्नित किया गया है। इसके साथ ही पशुओं के चिकित्सा के लिए पशु चिकित्सक एवं अन्य र्किमयों का टीम गठन किया गया है। पशु चारा के लिए भी व्यवस्था की जा रही है। बिहार राज्य खाद्य निगम द्वरा गोदाम चिह्नित किए गए हैं।
राज्य स्तर पर प्रशिक्षण प्राप्त 30 गोताखोर एवं जिला स्तर पर प्रशिक्षण प्राप्त 161 खोज, बचाव एवं राहत दल उपलब्ध है। जिले के 06 बाढ़ प्रभावित अंचल में शरण स्थल की पहचान कर अंचल स्तर पर क्षेत्रीय पर्यवेक्षकों को प्रतिनियुक्त किया जाएगा। बोले डीडीसी :
डीडीसी संजय कुमार ने बताया कि बाढ़ पूर्व तैयारी के लिए एडीएम साहब के नेतृत्व में बैठक हो चुकी है। बाढ़ को लेकर जरूरत के अनुसार विभिन्न विभागों की ओर से जरूरत के अनुसार सामग्री उपलब्ध कराने के लिए टेंडर की प्रक्रिया अभी चल रही है।