विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुंगेर में दो पक्षों के बीच चले लाठी-डंडे और गोलियां, भगदड़ के बाद इलाके में सन्नाटा; पुलिस जांच में जुटी

Published: Tue, 20 Oct 2026 06:49 PM (IST)

मुंगेर के टीकारामपुर में पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच मारपीट और गोलीबारी हुई, जिससे इलाके में दहशत ...और पढ़ें

HighLights

  1. टीकारामपुर में पुरानी रंजिश को लेकर हुई गोलीबारी।

  2. दो पक्षों के बीच मारपीट और फायरिंग से फैली दहशत।

  3. पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू की।

संवाद सहयोगी, मुंगेर। मुफस्सिल थाना क्षेत्र का टीकारामपुर मंगलवार की सुबह गोलियों की आवाज से थर्रा उठा। पुरानी रंजिश में दो पक्षों के बीच विवाद इस कदर भड़का कि मारपीट के बाद दोनों ओर से फायरिंग होने लगी। 

अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। 

दोनों पक्षों के बीच मारपीट और गोलीबारी

जानकारी के अनुसार, देवराज कुमार एवं मिथुन कुमार के  बीच लंबे समय से पुरानी रंजिश चली आ रही है। इसी विवाद को लेकर सोमवार की रात दोनों पक्षों के बीच मारपीट और गोलीबारी हुई थी। रात की घटना के बाद मामला शांत होने के बजाय मंगलवार की सुबह फिर सुलग उठा। 

दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया और दोनों ओर से फायरिंग शुरू हो गई। गोलियों की आवाज से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

दोनों पक्षों ने थाने में दिया आवेदन

घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से मुफस्सिल थाने में आवेदन दिया गया है। मुफस्सिल थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष मु, असलम अंसारी ने दोनों पक्षों के आवेदन के आधार पर केस  दर्ज कर ली है। 

मामले में एक पक्ष के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब विवाद की जड़, गोलीबारी की परिस्थितियों और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।

पुरानी रंजिश से फिर बिगड़ा माहौल

टीकारामपुर में पुरानी अदावत के कारण दो पक्षों के बीच बार-बार तनाव पैदा होने से इलाके की शांति पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस मामले पर नजर बनाए हुए है और शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई कर रही है। जांच के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों के सामने आने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- मुंगेर में बरियारपुर ओवरब्रिज के पास खड़े ट्रक से टकराई बाइक, हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत