रिमांड पर लिए गए पुरुषोत्तम और सुरेश
मुंगेर। एके 47 राइफल की तस्करी मामले के अनुसंधान में जुटी मुंगेर पुलिस ने शनिवार को सेना के सेवानिवृत आर्मरोर पुरुषोत्तम लाल और जबलपुर आर्डिनेंस फैक्ट्री के स्टोर कीपर सुरेश ठाकुर को पांच दिनों की रिमांड पर ले लिया है। पुलिस ने न्यायालय से दोनों को रिमांड पर लेने की अर्जी दी थी। पुलिस की अर्जी स्वीकार करते हुए दोनों को पांच दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
मुंगेर। एके 47 राइफल की तस्करी मामले के अनुसंधान में जुटी मुंगेर पुलिस ने शनिवार को सेना के सेवानिवृत आर्मरोर पुरुषोत्तम लाल और जबलपुर आर्डिनेंस फैक्ट्री के स्टोर कीपर सुरेश ठाकुर को पांच दिनों की रिमांड पर ले लिया है। पुलिस ने न्यायालय से दोनों को रिमांड पर लेने की अर्जी दी थी। पुलिस की अर्जी स्वीकार करते हुए दोनों को पांच दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया। एसपी बाबू राम ने पुलिस रिमांड की पुष्टि करते हुए कहा कि दोनों से पूछताछ में पुलिस को अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है। पुरुषोत्तम और सुरेश से पुलिस यह जानने का प्रयास करेगी कि अब तक आर्डिनेंस फैक्ट्री के डीपो से कितनी संख्या में एके 47 सहित अन्य हथियार बाहर निकाल कर तस्करी किए गए हैं। वहीं, किस किस को हथियार की आपूर्ति की गई है। पुलिस सूत्रों की माने तो मुंगेर के हथियार तस्करों के साथ ही दो अन्य जिलों के हथियार तस्करों द्वारा भी एके 47 की तस्करी के खेल में शामिल होने की बात सामने आ रही है। ऐसे में अगर पुरुषोत्तम और सुरेश ठाकुर की चुप्पी टूटती है, तो एके 47 की तस्करी में चौंकाने वाला खुलासा सामने आ सकता है। एसपी ने कहा कि जबलपुर पुलिस ने भी कई बार रिमांड लेकर पूछताछ की। जिसमें सुरेश और पुरुषोत्तम ने कई बात की जानकारी दी। लेकिन, मुंगेर पुलिस की टीम मुंगेर के हथियार तस्करों से जुड़े नेटवर्क के बारे में दोनों से पूछताछ करेगी। इसके लिए सवालों की लंबी लिस्ट भी तैयार की गई है। वहीं, वरीय अधिकारियों की टीम को दोनों से पूछताछ की जिम्मेवारी सौंपी गई है। एसपी ने कहा कि जरूरत पड़ने पर पुरुषोत्तम की पत्नी चंद्रावती और शिवेंद्र को भी रिमांड पर लिया जाएगा।