विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

CM सम्राट के पिता से मिलने पहुंचे सिपाही चालक के अभ्यर्थी, 88 दिनों से पटना में कर रहे थे आंदोलन 

Published: Sun, 29 Nov 2026 10:25 PM (IST)

पटना के गर्दनीबाग में 88 दिनों से आंदोलन कर रहे सिपाही चालक अभ्यर्थी मुख्यमंत्री के पैतृक गांव लखनपुर पहुंचे और उनके पिता से मिले। 

पुलिस अधिकारियों ने की पूछताछ। फोटो जागरण

पुलिस अधिकारियों ने की पूछताछ। फोटो जागरण

HighLights

  1. 88 दिनों से पटना में सिपाही चालक अभ्यर्थी कर रहे थे आंदोलन।

  2. मुख्यमंत्री के पैतृक गांव लखनपुर में उनके पिता से की मुलाकात।

  3. पुलिस ने अभ्यर्थियों को तारापुर अनुमंडल कार्यालय पहुंचाया, हो रही जांच।

संवाद सहयोगी, तारापुर (मुंगेर)। पटना के गर्दनीबाग में पिछले 88 दिनों से आंदोलन कर रहे सिपाही चालक अभ्यर्थियों का जत्था शनिवार को मुख्यमंत्री के पैतृक गांव लखनपुर पहुंच गया।

भागलपुर, मुंगेर, बांका और पटना से आए अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री के पिता शकुनी चौधरी से मुलाकात कर अपनी मांगों और समस्याओं से अवगत कराया।

अभ्यर्थियों के अचानक पहुंचने की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस महकमे में हलचल मच गई। पुलिस ने सभी अभ्यर्थियों को आवास से हटाकर तारापुर अनुमंडल कार्यालय परिसर पहुंचाया।

यहां एसपी सैयद इमरान मसूद ने अभ्यर्थियों से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली। एसपी ने कहा कि अपनी मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखना उचित होता।

इतनी बड़ी संख्या में मुख्यमंत्री के पिता के आवास पर पहुंचना सही नहीं है। यदि उनसे मुलाकात जरूरी थी तो पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल जा सकता था। इस दौरान पुलिस ने सभी अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र की छायाप्रति लेकर उनकी पहचान की जांच शुरू की।

अधिकारियों ने बताया कि जत्थे में यदि कोई ऐसा व्यक्ति पाया जाता है, जो अभ्यर्थी नहीं है, तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। पूरे मामले की जांच की जा रही है।

इस मौके पर एसडीएम महेश कुमार, एसडीपीओ कुमार देवेंद्र, पुलिस निरीक्षक विवेक राज, थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद थे।

गर्दनीबाग में आंदोलन कर रहे अभ्यर्थी को जानकारी मिली कि मुख्यमंत्री के पिता लोगों से मिलते हैं। इसपर करीब 25 की संख्या में अभ्यर्थी मुख्यमंत्री के पैतृक गांव लखनपुर पहुंचे और उन्होंने अपना मांगपत्र मुख्यमंत्री के पिता को सौंपा। सभी अभ्यर्थियों को एसडीपीओ कार्यालय लाया गया है और सभी के प्रवेशपत्र की जांच की जा रही है। इसमें कुछ भागलपुर के तो कुछ मुंगेर के हैं। जांचोपरांत सभी को पीआर बांड पर छोड़ दिया जाएगा। -सैयद इमरान मसूद, एसपी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।