अगले 5 साल में बदलेगा बिहार! CM सम्राट चौधरी ने पेंशनधारियों को भेजे ₹1233 करोड़, तारापुर-खड़गपुर में इसी माह शुरू होंगे कोर्ट
CM Samrat Choudhary Munger Visit: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुंगेर में 1.05 करोड़ से अधिक लाभार्थियों के खातों में ₹1233.87 ...और पढ़ें

CM Samrat Choudhary Munger Visit: मुंगेर में सम्राट चौधरी ने 105.68 लाख पेंशनधारियों को भेजे ₹1233 करोड़, NH-333 समेत कई सड़कों की रखी नींव
HighLights
1.05 करोड़ से अधिक लाभार्थियों को ₹1233.87 करोड़ पेंशन राशि मिली।
गंगटा-कोहवरवा NH-333 सहित कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया।
तारापुर और हवेली खड़गपुर में इसी माह शुरू होंगे अनुमंडल न्यायालय।
जागरण संवाददाता, मुंगेर। CM Samrat Choudhary Munger Visit: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि राज्य सरकार ने अगले पांच वर्षों में पूरे बिहार की सूरत बदलने का दृढ़ संकल्प लिया है। बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा के मोर्चे पर ठोस बदलाव जमीन पर उतारे जा रहे हैं।
गुरुवार को सम्राट चौधरी ने मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर प्रखंड अंतर्गत गंगटा स्थित दुर्गा मंदिर प्रांगण से सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत राज्यभर के 105.68 लाख (1.05 करोड़ से अधिक) लाभार्थियों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के जरिए कुल 1,233.87 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की। एक क्लिक से करोड़ों वृद्धों, विधवाओं और दिव्यांगजनों के खातों में पेंशन की राशि पहुंचते ही लाभार्थियों में हर्ष की लहर दौड़ गई।
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुंगेर के गंगटा स्थित दुर्गा मंदिर परिसर से 105.68 लाख लाभार्थियों के खातों में डीबीटी से भेजे ₹1,233.87 करोड़
गंगटा-कोहवरवा NH-333 (10 किमी), लखनपुर-भोमासी पुल सड़क के चौड़ीकरण और तारापुर में नए निरीक्षण भवन का किया शिलान्यास
प्रमंडलीय आयुक्त, डीआईजी, डीएम और एसपी की चाक-चौबंद सुरक्षा व प्रशासनिक निगरानी के बीच संपन्न हुआ पूरा दौरा
इसी माह तारापुर व हवेली खड़गपुर में अनुमंडल न्यायालयों का संचालन होगा शुरू; 'संकल्प कायाकल्प' से विद्यालयों की बदलेगी दशा
पेंशन राशि वितरण के साथ ही उन्होंने क्षेत्र को आधारभूत संरचना की कई बड़ी सौगातें दीं। उन्होंने लगभग 10 किलोमीटर लंबे गंगटा-कोहवरवा राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या-333 (NH-333) के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। इसके साथ ही तारापुर में बनने वाले नए निरीक्षण भवन तथा लखनपुर पानी टंकी से सरौन-मकवा होते हुए भोमासी पुल तक संपर्क पथ के चौड़ीकरण व मजबूतीकरण कार्य की आधारशिला रखी गई। इन पथों के चौड़ीकरण से वाहनों की आवाजाही सुगम होगी और जाम की समस्या से निजात मिलेगी।
-1789036598536.webp)
तारापुर और खड़गपुर में इसी माह शुरू होंगे कोर्ट, स्कूलों का होगा कायाकल्प
समारोह को संबोधित करते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने बड़ी घोषणा की कि इसी माह तारापुर और हवेली खड़गपुर में अनुमंडल न्यायालयों का नियमित संचालन प्रारंभ कर दिया जाएगा। इससे स्थानीय लोगों को मुकदमों और विधिक कार्यों के लिए जिला मुख्यालय का लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा और स्थानीय स्तर पर ही सुलभ न्याय मिलेगा।
शिक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव का खाका खींचते हुए उन्होंने बताया कि 'संकल्प कायाकल्प' अभियान के माध्यम से सरकारी विद्यालयों की व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त किया जा रहा है। शिक्षकों को सहूलियत देते हुए नजदीकी पंचायतों के विद्यालयों में पदस्थापित किया जाएगा। इसके अलावा, ग्रामीण व मेधावी विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं में आगे बढ़ाने के लिए मॉडल स्कूल सह सरस्वती विद्या निकेतन में इंजीनियरिंग व मेडिकल (जेईई और नीट) की तैयारी की विशेष सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
पैतृक गांव में मां को दी श्रद्धांजलि
विकास योजनाओं के शिलान्यास से पहले वे अपने पैतृक गांव तारापुर के लखनपुर पहुंचे। वहां उन्होंने अपनी माता सह तारापुर की पूर्व विधायक स्व. पार्वती देवी की चौथी पुण्यतिथि पर आयोजित शांति पूजन एवं विशेष हवन में हिस्सा लिया। इसके उपरांत वे पार्वती नगर स्थित बीएड कॉलेज परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने स्व. पार्वती देवी की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
चाक-चौबंद रहा सुरक्षा घेरा
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के इस पूरे दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा और व्यवस्था के कड़े प्रबंध किए गए थे। प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, डीआईजी राकेश कुमार, जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर और एसपी सैयद इमरान मसूद ने खुद गंगटा कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड, ट्रैफिक रूट और बैरिकेडिंग का सघन जायजा लेकर मोर्चा संभाले रखा। आसपास के जिलों से समन्वय और प्रवेश-निकास द्वारों पर भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच पूरा कार्यक्रम निर्विघ्न संपन्न हुआ।
