विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में नया बिजली कनेक्शन हुआ महंगा, मगर पोल-तार और मजदूरी के खर्च से मिली राहत; चेक करें नए रेट

Published: Mon, 23 Nov 2026 11:51 AM (IST)

बिहार में 1 नवंबर से नए बिजली कनेक्शन की दरें बढ़ गई हैं, जिससे उपभोक्ताओं को अब अधिक शुल्क चुकाना होगा। हालांकि, पोल, तार और मजदूरी का खर्च अब सेवा संयोजन शुल्क में ही शामिल कर दिया गया है, जिससे पारदर्शिता आएगी।

बिहार में नया बिजली कनेक्शन हुआ महंगा (AI Generated Image)

बिहार में नया बिजली कनेक्शन हुआ महंगा (AI Generated Image)

HighLights

  1. 1 नवंबर से नए बिजली कनेक्शन की दरें लागू हुईं।

  2. पोल, तार, मजदूरी का खर्च अब शुल्क में शामिल।

  3. सिंगल फेज 3 किलोवाट कनेक्शन के लिए अब 975 रुपये।

संवाद सूत्र, मुंगेर। घर में नया बिजली कनेक्शन लेना अब उपभोक्ताओं की जेब पर भारी पड़ेगा। एक नवंबर से नए बिजली कनेक्शन की सेवा संयोजन शुल्क की नई दरें लागू कर दी गई हैं। नई व्यवस्था के तहत उपभोक्ताओं को पहले की तुलना में अधिक शुल्क देना होगा।

हालांकि, राहत यह है कि अब पोल, तार और मजदूरी के नाम पर अलग से राशि नहीं चुकानी पड़ेगी। इन सभी खर्चों को निर्धारित सेवा संयोजन शुल्क में शामिल कर दिया गया है।

बिहार विद्युत विनियामक आयोग की स्वीकृति के बाद लागू नई दरों का लाभ मुंगेर सहित दक्षिण बिहार बिजली वितरण कंपनी के क्षेत्र के उपभोक्ताओं पर भी लागू होगा। अब कनेक्शन के लिए स्वीकृत लोड के अनुसार निर्धारित शुल्क जमा करना होगा।

पहले एक किलोवाट का नया कनेक्शन लेने पर 400 रुपये कनेक्शन शुल्क और 75 रुपये आवेदन शुल्क मिलाकर कुल 475 रुपये देने पड़ते थे।

इसके अलावा पोल लगाने, तार खींचने और मजदूरी का खर्च अलग से उठाना पड़ता था। कई बार अतिरिक्त पोल की जरूरत पड़ने पर उपभोक्ताओं का खर्च और बढ़ जाता था।

नई दरों के अनुसार सिंगल फेज में तीन किलोवाट तक के कनेक्शन के लिए 900 रुपये सेवा संयोजन शुल्क और 75 रुपये आवेदन शुल्क निर्धारित किया गया है। यानी एक, दो या तीन किलोवाट का कनेक्शन लेने पर कुल 975 रुपये देने होंगे।

सात किलोवाट तक के लिए अलग दर

तीन किलोवाट से अधिक और सात किलोवाट तक के सिंगल फेज कनेक्शन के लिए शुरुआती तीन किलोवाट का शुल्क 2700 रुपये निर्धारित है।

इसके बाद प्रत्येक अतिरिक्त किलोवाट के लिए 1000 रुपये देने होंगे। वहीं, थ्री फेज कनेक्शन के लिए अलग शुल्क निर्धारित किया गया है।

ऐप से करें आवेदन

नया कनेक्शन लेने के लिए उपभोक्ता सुविधा पोर्टल या सुविधा मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। निर्धारित शुल्क जमा होने के बाद बिजली कंपनी कनेक्शन की प्रक्रिया पूरी करेगी।

नई व्यवस्था से शुल्क में पारदर्शिता आने और पोल, तार व मजदूरी के नाम पर होने वाली अतिरिक्त वसूली पर रोक लगने की उम्मीद है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।