CM का ड्रीम प्रोजेक्ट: करोड़ों का बजट मंजूर, फिर भी मुंगेर में फाइलों में अटका अजगैबीनाथ इंटरनेशनल एयरपोर्ट
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का ड्रीम प्रोजेक्ट अजगैबीनाथ धाम इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए भागलपुर-मुंगेर में 3145 एकड़ जमीन अधिग्रहण को कैबिनेट ने मंजूरी दी थी।

करोड़ों का बजट मंजूर, फिर भी मुंगेर में फाइलों में अटका अजगैबीनाथ इंटरनेशनल एयरपोर्ट
HighLights
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का ड्रीम प्रोजेक्ट अजगैबीनाथ इंटरनेशनल एयरपोर्ट।
भागलपुर-मुंगेर में 3145 एकड़ जमीन अधिग्रहण को कैबिनेट मंजूरी।
मुंगेर में अधियाचना के अभाव में भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया ठप।
संवाद सहयोगी, मुंगेर। भागलपुर-मुंगेर की सीमा पर बनने वाला अजगैबीनाथ धाम इंटरनेशनल एयरपोर्ट मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का ड्रीम प्रोजेक्ट है। इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निर्माण भागलपुर और मुंगेर जिला मिला कर 3145.23 एकड़ जमीन पर होना है।
दोनों जिला में जमीन के भू-अर्जन और मुआवजा भुगतान हेतु 1329.58 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति बिहार कैबिनेट जुलाई 26 में ही दे चुकी है।
मुंगेर जिला में होने वाले भूमि अर्जन के लिए 773 करोड़ 46 लाख 84 हजार 361 रुपये और भागलपुर जिला के लिए 556 करोड़ 11 लाख 85 हजार 728 रुपये सरकार आवंटित कर चुकी है, लेकिन मुंगेर में अब तक इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए भूमि अर्जन की प्रक्रिया आरंभ नहीं हो पाई है।
जिला भू-अर्जन पदाधिकारी पंकज गुप्ता के अनुसार, भू-अर्जन कार्यालय को इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए अब तक विधिवत अधियाचना प्राप्त नहीं हुई है। अधियाचना आने के बाद ही भू-अर्जन विभाग जमीन अधिग्रहण की कार्रवाई शुरू करेगा।
बता दें कि जुलाई -26 में राज्य मंत्रिमंडल ने भागलपुर ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा का नाम बदलकर अजगैबीनाथ धाम ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा करने के साथ भूमि अधिग्रहण प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है, लेकिन अधियाचना के अभाव में अब तक अधिग्रहित होने वाले मौजा, रकबा और जमीन के अभिलेखों की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पायी है।
जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण द्वारा एयरपोर्ट में बुनियादी ढांचे का निर्माण और आधुनिकीकरण का काम किया जाएगा। लेकिन प्रशासनिक स्वीकृति के दो माह बाद भी भू-अर्जन की प्रक्रिया आरंभ नहीं होने से एयरपोर्ट के निर्माण में विलंब होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।
मुंगेर में होना है 1720.1160 एकड़ जमीन का अधिग्रहण
अजगैबीनाथ इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए भागलपुर और मुंगेर दोनों जिला की जमीन का अधिग्रहण किया जाना है। दोनों जिला को मिलाकर 3145.2308 एकड़ जमीन का अधिग्रहण प्रस्तावित है।
मुंगेर जिला के असरगंज और बरियारपुर अंचल क्षेत्र में 1720.1160 एकड़ जबकि भागलपुर जिलान्तर्गत 1425.1148 एकड़ जमीन का अधिग्रहण प्रस्तावित है।
मुंगेर जिला में भूमि अधिग्रहण और मुआवजा के लिए 773 करोड़ 46 लाख 84 हजार 361 रुपये और भागलपुर जिला के लिए 556 करोड़ 11 लाख 85 हजार 728 रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति बिहार कैबिनेट ने देते हुए राशि भी आवंटित कर दिया है।
असरगंज अंचल में होना है अधिग्रहण
अजगैबीनाथ इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निर्माण मुंगेर जिला के असरगंज और भागलपुर जिलान्तर्गत सुल्तानगंज के बीच होना है। एयरपोर्ट के लिए मुंगेर जिले के असरगंज और बरियारपुर अंचल का 1720 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जाना है।
असरगंज अंचल के अमैया, ढोलपहाड़ी, चौरगांव, पुरुषोत्तमपुर-सतघरिया और सजुआ मौजा के अलावा बरियारपुर के कुछ हिस्से की जमीन का अधिग्रहण किया जाना है।
इंटरनेशनल एयरपोर्ट से हवाई सेवा आरंभ होने से मुंगेर, भागलपुर, जमुई, लखीसराय और आस-पास के जिलों के लोगों को हवाई आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। इससे व्यापार और उद्योग को भी बढ़ावा मिलेगा।
क्या बोले भू-अर्जन पदाधिकारी?
इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए अब तक विधिवत अधियाचना प्राप्त नहीं हुई है। अधियाचना आने के बाद ही भू-अर्जन विभाग जमीन अधिग्रहण की कार्रवाई शुरू करेगा। - पंकज गुप्ता, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, मुंगेर
यह भी पढ़ें- मुंगेर-भागलपुर का सफर होगा आसान: 25 सितंबर से खुलेगी ग्रीनफील्ड फोरलेन की 1 लेन, जाम से मिलेगी मुक्ति
