मुंगेर: ब्रह्मपुत्र मेल के AC कोच में लावारिस बैग से 10 लाख का गांजा बरामद, CIB का बड़ा एक्शन
जमालपुर रेलवे स्टेशन पर ब्रह्मपुत्र मेल से 20 किलो 250 ग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये से अधिक है।

HighLights
जमालपुर में ब्रह्मपुत्र मेल से 20 किलो गांजा बरामद।
जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये से अधिक।
सीआईबी टीम ने अभियान चलाकर तस्करी रोकी।
संवाद सहयोगी, जमालपुर (मुंगेर)। त्योहार के बीच ट्रेनों में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में मंगलवार को जमालपुर रेलवे स्टेशन पर सीआईबी की टीम को बड़ी सफलता मिली।
टीम ने 15658 डाउन ब्रह्मपुत्र मेल के एसी कोच से लावारिस ट्रॉली बैग में रखा 20 किलो 250 ग्राम गांजा बरामद किया। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 10 लाख 12 हजार 250 रुपये बताई गई है। कार्रवाई के बाद गांजे को लिखित शिकायत और जब्ती सूची के साथ जीआरपी जमालपुर को सौंप दिया गया।
ब्रह्मपुत्र मेल जब जमालपुर स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर पहुंची, उसी दौरान ए-2 कोच में कामाख्या से किऊल तक यात्रा कर रहे यात्री सुमित दिवाकर ने अपनी बर्थ संख्या 41 के नीचे लावारिस ट्रॉली बैग रखे होने की सूचना दी।
आसपास के यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने बैग पर अपना दावा नहीं किया। इसके बाद सीआईबी की टीम ने सुरक्षा के मद्देनजर बैग को ट्रेन से उतारकर उसकी तलाशी लेने का निर्णय लिया।
दो पैकेट में मिला 20 किलो 250 ग्राम गांजा
आरपीएफ जमालपुर के राजपत्रित अधिकारी एएससी हीरा प्रसाद सिंह की मौजूदगी में वीडियोग्राफी कराते हुए बैग की तलाशी ली गई। स्वतंत्र गवाह बनने के लिए यात्रियों से अनुरोध किया गया, लेकिन कोई तैयार नहीं हुआ।
इसके बाद एएसआई यतींद्र पाठक और कॉन्स्टेबल कन्हैया कुमार को गवाह बनाकर तलाशी ली गई। बैग से भूरे रंग के टेप में लिपटे दो पैकेट मिले। इनमें गांजा जैसा पदार्थ भरा था।
पहले पैकेट का वजन 10 किलो 400 ग्राम और दूसरे का 9 किलो 850 ग्राम पाया गया। दोनों पैकेटों का कुल वजन 20 किलो 250 ग्राम हुआ।
सीआईबी ने जब्त कर जीआरपी को सौंपा
सीआईबी की टीम ने जब्ती सूची तैयार कर बरामद पदार्थ को जब्त किया और लिखित शिकायत के साथ जीआरपी जमालपुर को सौंप दिया। मामले में जीआरपी की ओर से प्राथमिकी संख्या जारी होना बाकी है।
कार्रवाई का नेतृत्व सीआईबी जमालपुर के निरीक्षक एसके सुधा ने किया। अभियान में एसआई एके राजक, कांस्टेबल रवि, संजय कुमार सुमन, गौतम कुमार, राणा प्रताप और रणवीर कुमार शामिल थे।
यह भी पढ़ें- 'पहले ले जाते थे तो नकल होती थी...' शेखपुरा में मोबाइल पर सख्ती पर भड़के छात्र, कॉलेज में पुलिस तैनात
