दिल्ली से विक्रमशिला एक्सप्रेस से लाई गई शराब; धरहरा रेलवे स्टेशन पर 14 वर्षीय किशोर 32 बोतल व्हिस्की के साथ धराया
जमालपुर के धरहरा रेलवे स्टेशन पर सीआईबी टीम ने 14 वर्षीय किशोर को 32 बोतल हरियाणा निर्मित विदेशी शराब के ...और पढ़ें

धरहरा रेलवे स्टेशन पर 32 बोतल विदेशी शराब के साथ पकड़े गए किशोर और जब्त खेप की जानकारी देते सीआईबी जमालपुर के अधिकारी
HighLights
धरहरा स्टेशन पर 14 वर्षीय किशोर 32 बोतल शराब के साथ गिरफ्तार।
सीआईबी जमालपुर टीम ने गुप्त सूचना पर की यह कार्रवाई।
हरियाणा निर्मित शराब दिल्ली से विक्रमशिला एक्सप्रेस द्वारा लाई गई थी।
संवाद सहयोगी, जमालपुर (मुंगेर)। रेल मार्ग के जरिए शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत सीआईबी (अपराध खुफिया शाखा) जमालपुर की टीम को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। टीम ने धरहरा रेलवे स्टेशन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक 14 वर्षीय किशोर को दो बैग में भरी 32 बोतल हरियाणा निर्मित विदेशी शराब के साथ रंगेहाथ दबोच लिया।
बरामद शराब की कुल मात्रा 24 लीटर और अनुमानित बाजार मूल्य 22,480 रुपये आंकी गई है। पकड़े गए किशोर को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग, मुंगेर को सौंप दिया गया है।
सीआईबी इंस्पेक्टर एसके सुधा की अगुआई में गठित विशेष टीम को रेल मार्ग से अवैध शराब की तस्करी की पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी। इसी आधार पर टीम 29 सितंबर को गाड़ी संख्या 73428 किऊल-जमालपुर पैसेंजर ट्रेन में सवार होकर संदिग्ध यात्रियों और गतिविधियों पर पैनी नजर रख रही थी।
पैसेंजर ट्रेन के जनरल कोच से पकड़ाया किशोर
सुबह करीब सात बजे जैसे ही ट्रेन धरहरा स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या दो पर रुकी, टीम ने अंतिम सामान्य (जनरल) कोच में दो भारी नीले-काले रंग के पिठ्ठू बैग लेकर सवार हुए एक किशोर को देखा। उसकी संदिग्ध हरकतों को भांपते हुए अधिकारियों ने तुरंत घेराबंदी कर उसे रोक लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपनी पहचान धरहरा थाना क्षेत्र के बंगालवा निवासी मुकेश पासवान के 14 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में बताई।
बैग की तलाशी लेने पर उसके भीतर से 750 एमएल की 20 बोतल रॉयल स्टैग प्रीमियर व्हिस्की और 12 बोतल रॉयल ग्रीन क्लासिक ब्लेंडेड व्हिस्की बरामद हुई। सभी बोतलों पर 'फॉर सेल इन हरियाणा' अंकित था।
विक्रमशिला एक्सप्रेस से दिल्ली से लाया था खेप
आरपीएफ व सीआईबी की प्रारंभिक पूछताछ में किशोर ने तस्करी के नेटवर्क से जुड़ी अहम जानकारियां दीं। उसने बताया कि वह इन शराब की बोतलों को दिल्ली से विक्रमशिला सुपरफास्ट एक्सप्रेस के जरिए लेकर आया था। धरहरा स्टेशन पर उतरने के बाद वह पैसेंजर ट्रेन पकड़कर दशरथपुर जाने की फिराक में था, जहां शराब की यह खेप स्थानीय तस्करों को सौंपी जानी थी।
सीआईबी इंस्पेक्टर एसके सुधा ने मौके पर ही शराब को जब्त कर विधिवत जब्ती सूची तैयार की। इसके बाद किशोर को हिरासत में लेकर जमालपुर आरपीएफ पोस्ट लाया गया, जहां से मद्यनिषेध कानून के तहत आवश्यक कार्रवाई करते हुए उसे उत्पाद थाना मुंगेर के हवाले कर दिया गया। रेल पुलिस अब इस मामले में पर्दे के पीछे सक्रिय शराब माफियाओं की कड़ियां खंगालने में जुटी है।
