विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुंगेर में नवोदय विद्यालय की परीक्षा देने जा रहे 13 वर्षीय छात्र को हाइवा ने कुचला, मौत के सड़क जाम

Published: Sat, 24 Oct 2026 02:20 PM (GMT+05:30)

मुंगेर के तारापुर में नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा देने जा रहे 13 वर्षीय छात्र कृतिवर्धन पांडे की हाइवा की ...और पढ़ें

सड़क जाम करते लोग

सड़क जाम करते लोग

HighLights

  1. 13 वर्षीय छात्र की हाइवा दुर्घटना में दुखद मौत।

  2. नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा देने जा रहा था छात्र।

  3. आक्रोशित लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम की।

संवाद सहयोगी, तारापुर (मुंगेर)। आंखों में अफसर बनने का सपना, मन में नवोदय विद्यालय में दाखिले की उम्मीद और परिवार को बेटे से बड़ी आस। लेकिन, मंजिल तक पहुंचने से पहले ही कृतिवर्धन पांडे उर्फ गोपाल कुमार पांडे (13) की जिंदगी सड़क पर थम गई। 

शनिवार को तारापुर थाना क्षेत्र के धौनी गांव स्थित बजरंगबली मंदिर के समीप 18 चक्के वाले गिट्टी लदे हाइवा की चपेट में आने से मासूम की मौत हो गई। 

प्रवेश परीक्षा देने जा रहा था भागलपुर 

गोपाल अपने मामा के साथ बाइक से नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा देने भागलपुर जा रहा था। हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं और माता-पिता के सपनों को हमेशा के लिए तोड़ दिया।बांका जिले के सुईया गांव निवासी शिक्षक गंगाधर पांडे का पुत्र गोपाल कक्षा छह का छात्र था। वह दो बहनों का इकलौता भाई था। 

माता-पिता उसे पढ़ा-लिखाकर अफसर बनाना चाहते थे। परिवार को उम्मीद थी कि नवोदय विद्यालय में दाखिले से उसके भविष्य को नई उड़ान मिलेगी। लेकिन परीक्षा देने निकलने के कुछ ही देर बाद घर में मातम छा गया। हादसे की खबर मिलते ही स्वजन पहुंचे। बेटे का शव देखकर स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

हेलमेट ने मामा की बचाई जान, चालक फरार

हादसे में गोपाल के मामा आशुतोष पांडे हेलमेट पहने होने के कारण बच गए, लेकिन भांजे की जान नहीं बच सकी। दुर्घटना के बाद हाइवा चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन के खलासी को हिरासत में लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर भेज दिया गया है।

आक्रोशित लोगों ने दो घंटे रोका आवागमन

मासूम की मौत से आक्रोशित लोगों ने सुबह करीब 10 बजे तारापुर-सुल्तानगंज (अजगैवीनाथ धाम) मार्ग जाम कर दिया। लोग मुआवजे की मांग कर रहे थे। सड़क जाम होने से आवागमन प्रभावित रहा। एसडीपीओ कुमार देवेंद्र के आश्वासन के बाद दोपहर 12:10 बजे जाम समाप्त हुआ। एसडीपीओ ने बताया कि स्वजन से आवेदन मिलने पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

हादसों के बाद भी गति नियंत्रण का इंतजाम नहीं

तारापुर-सुल्तानगंज मार्ग पर लगातार हादसों के बावजूद वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने के लिए गति सीमा के बोर्ड नहीं लगाए गए हैं। शहर से बड़े वाहन तेज गति से गुजरते हैं, लेकिन उनकी गति निर्धारित करने और नियमों का पालन कराने की दिशा में प्रभावी पहल नहीं दिखती। 

स्थानीय लोग कई बार इस समस्या को उठा चुके हैं। सवाल है कि आखिर कितनी और जिंदगियां सड़क पर दम तोड़ेंगी, तब प्रशासन की नींद टूटेगी।

यह भी पढ़ें- मुंगेर में 102 सेवा 'बेहाल': 2 घंटे तक लगाते रहे फोन, जवाब मिला- लाइन पर बने रहें