तेज हवाओं के झोंकों ने खोली बिजली विभाग के कार्यप्रणाली की पोल
तारापुर (मुंगेर) संवाद सूत्र : बिजली विभाग मेंटेनेंस के नाम पर बड़ी राशि खर्च करती है। विभाग द्वारा ज
तारापुर (मुंगेर) संवाद सूत्र : बिजली विभाग मेंटेनेंस के नाम पर बड़ी राशि खर्च करती है। विभाग द्वारा जर्जर बिजली के पोल व तार बदलने को लेकर बड़े-बड़े दावे भी किए जा रहे हैं। लेकिन, सोमवार को हुई बारिश और तेज हवाओं के झोंके ने बिजली विभाग के कार्यप्रणाली की पोल खोल दिया। मेंटेनेंस के नाम पर लाखों रुपये खर्च करने के बावजूद हल्के हवाओं के झोंके से घंटों बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बीते एक पखवाड़ा में कई बार ऐसा हुआ कि आपूर्ति लाइन में आई फाल्ट के कारण घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रही। प्रखंड में अब भी कई हिस्से में लुंज-पुंज तार के सहारे विद्युत आपूर्ति की जा रही है। जर्जर विद्युत तार के कारण कई बार दुर्घटनाएं भी घटी। करंट लगने से व्यक्ति की मौत भी हुई। पीड़ित द्वारा बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई। इसके बावजूद बिजली विभाग के अधिकारियों व कर्मियों की कार्यप्रणाली में कोई सुधार नहीं हुआ। अब भी कई जगहों पर बांस के जरिये बिजली की आपूर्ति की जा रही है। स्थानीय लोगों की मानें तो बिजली आपूर्ति में गड़बड़ी आने या बिजली तार गिरने की सूचना देने के लिए फोन करने पर लाइन मैन फोन तक नहीं उठाते हैं। अगर, फोन रिसिव भी कर लिया, तो झूठ बोल दिया जाता है कि फाल्ट ठीक करने के लिए कर्मी निकल गए हैं। घंटों इंतजार के बाद भी बिजली विभाग के कर्मी स्थल पर नहीं पहुंचते हैं।
सोमवार सुबह से ही तारापुर फीडर से बिजली आपूर्ति बाधित रही। दोपहर में थोड़ी देर के लिए विद्युत आपूर्ति चालू भी हुआ। लेकिन, दोपहर बाद एक बार फिर वर्षा व हवाओं के झोंके कारण विद्युत आपूर्ति लाइन में फाल्ट आ गया। 24 घटा से अधिक समय तक बिजली कटी रही। विभाग के लाइन मैन अमरजीत कुमार सहित सभी कर्मी शाम होते घर चले गए। सहायक अभियंता ने कहा कि फाल्ट आई है। दिखवा लेते हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष कुमार प्रणय ने कहा कि बिजली विभाग भगवान भरोसे संचालित हो रहा है। फाल्ट ठीक करने में कर्मी और पदाधिकारियों द्वारा लापरवाही बरती जा रही है। जदयू नेता चंदर सिंह राकेश ने कहा कि बिजली विभाग उपभोक्ताओं से बिल वसूलने में आगे रहता है। उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा देने के प्रति विभाग कोई दिलचस्पी नहीं दिखा रहा है। राजद के प्रखंड अध्यक्ष सदरूजमा ने कहा कि बिजली विभाग की कार्य प्रणाली सवालों के घेरे में है। मामूली फाल्ट आने के बाद भी घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। उपभोक्ताओं की सुनने वाला कोई नहीं है। मुखिया संघ के अध्यक्ष रामकृष्ण सिंह, भाजपा के प्रखंड अध्यक्ष शभु शरण चौधरी, लोजपा नेता मिथिलेश सिंह, चंद्रशेखर चौधरी, राजद जिला महासचिव मंटू यादव आदि ने कहा कि बिजली विभाग के पदाधिकारियों व कर्मियों की अकर्मण्यता के कारण लोगों में आक्रोश पनप रहा है। गर्मी से पहले अगर व्यवस्था दुरुस्त नहीं किया गया, तो बिजली विभाग के अधिकारियों को भारी आक्रोश का सामना करना पड़ सकता है। इधर, विद्युत विभाग के सहायक अभियंता राजेश कुमार ने कहा कि तारापुर में कई जगहों पर जर्जर तार बदले गए हैं। जहां से भी शिकायत मिलती है। तुरंत कार्रवाई की जाती है। कई जगहों पर जर्जर तार बदलने को लेकर प्रस्ताव भेजा गया है। तार उपलब्ध होते ही तार बदलने की दिशा में पहल किया जाएगा।