बलडीहा प्राथमिक विद्यालय में चोरी, एक गिरफ्तार
मधुबनी। जयनगर थाना क्षेत्र में विगत दो दिनों से लगातार हो रही चोरी की घटना से लोग दहशत में हैं।
मधुबनी। जयनगर थाना क्षेत्र में विगत दो दिनों से लगातार हो रही चोरी की घटना से लोग दहशत में हैं। थाना क्षेत्र के बेलही पश्चिमी पंचायत के बलुआ टोल स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय बलडीहा में चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। चोरों ने विद्यालय के स्टोर से मंगलवार की रात विद्यालय के पीछे की खिड़कियों को तोड़कर और स्टोर रूम का ताला तोड़कर 11 बोरा चावल और कार्यालय से आवश्यक कागजात की चोरी कर ली। सुबह विद्यालय खुलने पर विद्यालय की प्रधानाध्यापक रेखा कुमारी ने इसकी सूचना जयनगर थाना को दी। पुलिस ने विद्यालय पहुंचकर चोरी की बाबत छानबीन की। अपर थानाध्यक्ष एसएन सारंग ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी में शामिल एक चोर को कुछ बोरे चावल और कागजात के साथ गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार चोर बलडीहा निवासी राम सोगारथ राय बताया जाता है। थानाध्यक्ष ने बताया कि चोरी की घटना गिरफ्तार चोर के अलावा तीन अन्य चोर शामिल थे। एएसआई संजय सिंह के नेतृत्व में छापेमारी अभियान चलाकर एक चोर को चोरी के चावल एवं अन्य कागजात के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। शेष चोरों को गिरफ्तार करने हेतु छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानाध्यापक रेखा कुमारी के आवेदन पर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर चोरी में चोरों को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।