शहरी क्षेत्र में तीन दिनों तक बंद रहेंगी दुकानें
मधुबनी। शहरी क्षेत्र में लगातार कोरोना संक्रमित मिलने के बाद प्रशासन गंभीर हो गया है।
मधुबनी। शहरी क्षेत्र में लगातार कोरोना संक्रमित मिलने के बाद प्रशासन गंभीर हो गया है। डीएम डॉ. निलेश रामचंद्र देवरे ने शहर को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है। इसके साथ ही शहर में सभी गतिविधियों पर रोक लगा दी गई है। शहर में अगले तीन दिनों तक आवश्यक वस्तुओं की ही दुकानें खुली रहेंगी।
जारी आदेश में कहा गया है कि शहरी क्षेत्र में कुल 14 कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसमें गिलेशन बाजार में ही नौ संक्रमित पाए गए हैं। शहर की सबसे व्यस्तम मंडी में सुबह से भीड़ लगी रहती है। इस कारण यहां सामुदायिक संक्रमण फैलने का खतरा है। इसे देखते हुए शहर में सभी तरह की गतिविधियों पर रविवार सुबह से मंगलवार रात तक रोक लगा दी गई है। 72 घंटे के बाद स्थिति की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद फिर अगला आदेश जारी किया जाएगा। तब तक शहर में दवा व किराना की दुकानें ही खुली रहेंगी। वहीं बिना मास्क बाहर निकलने पर भी रोक लगा दी गई है। बिना मास्क बाहर निकलने वालों पर 50 रुपये जुर्माना किया जाएगा।