अचानक तीन भागों में फटा प्राचीन शिवलिंग, मंदिर में लगा श्रद्धालुओं का तांता
एक शिव मंदिर में स्थापित शिवलिंग अचानक फटकर तीन भागों में बंट गया। इसे लोग अशुभ मान रहे हैं। यह घटना मधुबनी के मोतनाजे गांव में बाबा भोलेनाथ के मंदिर में सोमवार को हुई।
मधुबनी [जेएनएन]। सावन भगवान शिव की पूजा का महीना होता है। इस दौरान तीन सौ साल पुराना एक शिवलिंग अचानक फटकर तीन भाग में बंट जाने से लोग हैरत में हैं। यह घटना मधुबनी के लदनियां प्रखंड स्थित मोतनाजे गांव के शिव मंदिर में एक सप्ताह पहले हुई। तब से वहां श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। ग्रामीण घटना को अशुभ मान रहे हैं।
मधुबनी के मोतनाजे गांव में बाबा भोलेनाथ का एक मंदिर है। इसपर लोगों की बड़ी आस्था है। मन्नतें पूरी होने पर यहां आकर पूजा करने की परंपरा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि मंदिर में स्थापति शिवलिंग बहुत नीचे में धंसा हुआ है। उसे उपर लाने के प्रयास में करीब 10 फीट नीचे तक जमीन खोदी गयी। पर इसकी गहराई का कोई पता नही चला।
इस बीच सावन की अंतिम सोमवारी को शिवलिंग तीन भाग में फट गया, जिसे लोग अशुभ मान रहे हैं। घटना के बाद मंदिर में विशेष पूजा-पाठ आरंभ है। श्रद्धालु इस घटना को अशुभ मान रहे हैं। बताया जाता है कि इससे पहले भी शिवलिंग में दरार आ गई थी, लेकिन वो आप शिव जुट गई।
सोमवार को मंदिर में पूजा करने पहुंचे पंचायतीराज मंत्री कपिलदेव कामत ने इस घटना पर हैरत जताई। उन्होंने कहा कि इस मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए वे सरकार को पहले ही लिख चुके हैं। अब पुरातत्व विभाग को भी लिखा जाएगा।