बिहार के सीएम युवक का पैर पकड़ रहे थे या छवि धूमिल करने की थी कोशिश? कार्रवाई में जुटी साइबर पुलिस
मधुबनी साइबर पुलिस ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से उनके मॉर्फ्ड फोटो-वीडियो को सोशल मीडिया ...और पढ़ें

बिहार में तेजी से वायरल हो रही यह तस्वीर।
HighLights
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की छवि धूमिल करने का प्रयास।
मॉर्फ्ड फोटो-वीडियो प्रसारित करने पर प्राथमिकी दर्ज।
साइबर पुलिस कर रही क्लिप की फॉरेंसिक जांच।
जागरण संवाददाता, मधुबनी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से उनके फोटो और वीडियो क्लिप के साथ छेड़छाड़ कर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के मामले में मधुबनी साइबर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
मामले में इंस्टाग्राम पर संचालित 'रिपु यदुवंशी' नामक आईडी को चिह्नित किया गया है। साइबर थाने में पदस्थापित महिला दारोगा निरू कुमारी पटेल के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, 28 अक्टूबर को सुबह 10:13 बजे सीसीएसयू सोशल मीडिया, पटना से साइबर थाना के सरकारी मोबाइल नंबर पर एक संदिग्ध फोटो-वीडियो क्लिप भेजी गई थी। जिसमें मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एक अज्ञात युवक का चरण स्पर्श करते हुए प्रतीत हो रहे थे।
क्लिप की सत्यता पर संदेह होने के बाद साइबर पुलिस ने जांच शुरू की। तकनीकी सत्यापन में पता चला कि उक्त क्लिप इंस्टाग्राम आईडी 'रिपु यदुवंशी' से प्रसारित की गई थी। संबंधित आईडी का लिंक भी पुलिस को मिला है।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि मुख्यमंत्री के फोटो-वीडियो का दुरुपयोग कर उनकी छवि धूमिल करने और आम लोगों में भ्रम फैलाने का प्रयास किया गया। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 356 एवं 352(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 66सी और 66डी के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
वरीय पुलिस उपाधीक्षक सह साइबर थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर संबंधित इंस्टाग्राम आईडी और मोबाइल की तकनीकी जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वायरल क्लिप एआई के जरिए तैयार की गई है या मूल वीडियो में डिजिटल छेड़छाड़ की गई है। इसके लिए क्लिप की फॉरेंसिक जांच कराने की भी तैयारी है।