बाढ़ राहत की मांग को ले सड़क जाम
बाढ़ राहत की मांग को लेकर बासुकी बिहारी मुसहरी के सैकड़ों महादलितों ने रविवार को प्रखंड प्रशासन के खिलाफ मधवापुर-बेनीपट्टी मुख्य सड़क में बासुकी मुसहरी के पास बांस-बल्ला लगा घंटों जाम कर दिया।
मधुबनी। बाढ़ राहत की मांग को लेकर बासुकी बिहारी मुसहरी के सैकड़ों महादलितों ने रविवार को प्रखंड प्रशासन के खिलाफ मधवापुर-बेनीपट्टी मुख्य सड़क में बासुकी मुसहरी के पास बांस-बल्ला लगा घंटों जाम कर दिया। प्रखंड प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पीड़ितों ने प्रखंड प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मुख्य सड़क जाम रहने के कारण सड़क के दोनों तरफ छोटी बड़ी गाड़ियों की लंबी कतारे लगी रही। इस दौरान यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बाढ़ पीड़ित महादलितों का आरोप है कि बाढ़ आए 25 दिन बीत गए परंतु अबतक प्रखंड प्रशासन द्वारा कुछ भी पीड़ितों को नहीं दिया गया। ना ही इस दुख की घड़ी में देखने के लिए आए। उन लोगों के घरों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया था। वे लोग बासुकी चौक स्थित विद्यालय में शरण लिए हुए हैं। इतना ही नहीं मुहल्ले के करीब दो दर्जन से अधिक फूस के घर गिर जाने से लोग बेघर हो चुके है। महादलितों ने कहा कि जबतक हमें राहत सामग्री और सहायता राशि नहीं दी जाएगी सड़क जाम जारी रहेगा।
इधर सड़क जाम की सूचना पर घंटों बाद पहुंचे बीडीओ शिवशंकर राय, सीओ सुधीर कुमार, थानाध्यक्ष हरेन्द्र कुमार, जिला परिषद श्रवण कुमार, छात्र नेता बादल गुप्ता, मुखिया देवेन्द्र यादव, प्रमुख पति मोहन चौधरी, निलांबर मिश्र ने आंदोलनकारी महादलितो से वार्ता कर पदाधिकारियों ने सभी लोगों को राहत देने के आश्वासन दिया। जिस पर लोग मान गए और सड़क जाम समाप्त कर दिया। करीब नौ घंटे बाद उक्त सड़क पर पुन:यातायात बहाल हो सकी।
सड़क जाम में प्रदीप सदा, राजकुमार सदा, कौशल्या देवी, सीता देवी सुमित्रा देवी, सीतली देवी, रंजीत राम, नागेन्द्र सदा, अर्जुन सदा, रामपरी देवी, जीत सदा, शीला देवी, भोगेन्द्र सदा सहित सैकड़ों महादलित शामिल थे।