कटाव की चपेट में ब्रह्मोतरा गांव के लोग
जयनगर प्रखंड के डोरवार पंचायत के डोरवार ब्रह्मोतरा समेत अन्य टोलों के लोगों को कमला नदी में आई बाढ़ से हो रहे कटाव के कारण दिन ब दिन परेशानियां बढ़ती जा रही है।
मधुबनी। जयनगर प्रखंड के डोरवार पंचायत के डोरवार ब्रह्मोतरा समेत अन्य टोलों के लोगों को कमला नदी में आई बाढ़ से हो रहे कटाव के कारण दिन ब दिन परेशानियां बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को कमला नदी के जलग्रहण क्षेत्रों में बारिश होने के कारण एक बार फिर कई घर नदी में विलीन हो गए। ब्रह्मोतरा में अवस्थित आंगनबाड़ी केंद्र एवं सामुदायिक भवन के कटाव की चपेट में आने से विस्थापितों की मुश्किलें बढी हैं। वहीं रूपलाल मुखिया, पंचलाल मुखिया, बुधन मुखिया, धुरूप मुखिया समेत दस परिवारों का घर नदी में समा चुकी है। कमला नदी की धारा गांव की ओर मुड़ जाने के कारण पूरे गांव के लोग विगत एक महीना से दहशत के माहौल में जी रहे हैं। कई दर्जन घरों के नदी में समा जाने का खतरा मौजूद है। जिस कारण ग्रामीण रतजगा करने को मजबूर हैं। कहने को अंचल प्रशासन राहत मुहैया करा रही है। लेकिन विस्थापित परिवारों के रहने के सही इंतजाम नहीं होने से लोगों को विविध स्तरों पर परेशानी झेलनी पड़ रही है। अब तक अंचल प्रशासन द्वारा 60 परिवारों को राहत सामग्री उपलब्ध करायी गयी है। अंचलाधिकारी विजयेन्द्र कुमार ने बताया कि राजस्व कर्मचारी को डोरवार भेजा गया है। सभी विस्थापित परिवारों को राहत सामग्री मुहैया करायी जाएगी। इधर शुक्रवार से बारिश होने एवं कमला नदी का जलस्तर बढ़ जाने के कारण जल संसाधन विभाग द्वारा कराए जा रहे कटाव निरोधी कार्य को तत्काल स्थगित कर दिया गया है।